
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। झांसी रोड थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने ही छोटे भाई की ब्रेजा कार में आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद फोन कर भाई को कार में आग लगने की सूचना भी दी।
रविवार-सोमवार की दरमियानी रात हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें आरोपी पहले अपनी बाइक से पेट्रोल निकालता और फिर कार का कांच तोड़कर अंदर पेट्रोल डालकर आग लगाता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद से आरोपी घर से गायब है और उसका मोबाइल भी बंद है।
नाका चंद्रवदनी स्थित नहर वाली माता रोड निवासी अशोक कुशवाह ट्रांसपोर्ट नगर में लेथ मशीन का व्यवसाय करते हैं। वह अपनी ब्रेजा कार घर के पास खड़ी करते हैं। अशोक के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे उनके भाई प्रेम कुशवाह ने फोन कर कार में आग लगने की सूचना दी।
बाहर आए तो कार से आग की लपटें उठ रही थीं। आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाई गई, लेकिन तब तक कार की सीट और अंदरूनी हिस्सा जल चुका था। कार का कांच भी टूटा हुआ था।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें प्रेम कुशवाह वारदात को अंजाम देता नजर आया। वह पहले अपनी बाइक से पेट्रोल निकालता है, फिर कार का कांच तोड़कर अंदर पेट्रोल छिड़कता है और आग लगा देता है। बताया जा रहा है कि आरोपी छोटे भाई की तरक्की से ईर्ष्या रखता था। हालांकि, इस वजह की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वारदात के बाद से प्रेम कुशवाह गायब है। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर रहे हैं। झांसी रोड थाना प्रभारी सुरभि शर्मा ने बताया कि पीड़ित ने अपने भाई पर कार में आग लगाने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है।