
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नशीला पदार्थ पिलाकर बंधक बनाने और अश्लील फोटो दिखाकर रुपये वसूलने के बहुचर्चित मामले में सत्र न्यायाधीश ललित किशोर की अदालत ने तीनों आरोपितों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया है। साथ ही, मामले में घोर लापरवाहीपूर्वक विवेचना करने पर न्यायालय ने तत्कालीन जांच अधिकारी (एएसआई) राधेश्याम दीक्षित के विरुद्ध उचित कार्रवाई के लिए निर्णय की प्रति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को भेजने के आदेश दिए हैं।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, मुरैना निवासी फरियादी विशम्भर दयाल शर्मा ने 8 जून 2022 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जून 2022 को वह ट्रेन से ग्वालियर आया था। ग्वालियर रेलवे स्टेशन के बाहर उसकी मुलाकात परिचित मनोज शर्मा से हुई। आरोप था कि मनोज ने उसे पानी की बोतल दी, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गया।
फरियादी का आरोप था कि होश आने पर उसने खुद को पुरानी छावनी स्थित एक मकान में पाया, जहां मनोज शर्मा के साथ राकेश राजौरिया उर्फ मंगल और मीरा जाटव मौजूद थे। आरोपियों ने उसके बैग से 50 हजार रुपये निकाल लिए और एक महिला के साथ उसके अश्लील फोटो दिखाकर 5 लाख रुपये की मांग की। दबाव बनाकर उससे फोन-पे के जरिए 20 हजार रुपये भी ट्रांसफर कराए गए। इस मामले में पड़ाव थाना पुलिस ने धारा 328, 342, 384 और 34 भादंसं के तहत प्रकरण दर्ज किया था।
विचारण के दौरान अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे प्रमाणित करने में विफल रहा। घटना 3 जून की बताई गई, जबकि एफआईआर 5 दिन बाद 8 जून को दर्ज कराई गई, जिसका कोई संतोषजनक कारण नहीं दिया गया। इसके अलावा, फरियादी और मुख्य आरोपित मनोज शर्मा के बीच पहले से पैसों के लेन-देन का विवाद भी सामने आया। नशीला पदार्थ पिलाने की पुष्टि के लिए फरियादी का कोई मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। न ही फोन-पे से 20 हजार रुपये ट्रांसफर होने का कोई बैंक स्टेटमेंट पेश किया गया और न ही वे अश्लील फोटो या मोबाइल फोन जब्त किए गए।
अदालत ने अपने फैसले में तत्कालीन विवेचक सहायक उपनिरीक्षक राधेश्याम दीक्षित (थाना पड़ाव) की जांच पर गंभीर सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि विवेचक ने न तो ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का बैंक स्टेटमेंट जुटाया, न ही उस मकान मालिक या पड़ोसियों से पूछताछ की जहां बंधक बनाने का आरोप था और न ही स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज या कथित अश्लील फोटो वाला मोबाइल जब्त किया। इसे घोर लापरवाही मानते हुए कोर्ट ने एसएसपी ग्वालियर को जांच अधिकारी पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इस आधार पर अदालत ने मुरैना निवासी मनोज शर्मा तथा पुरानी छावनी निवासी राकेश राजौरिया और मीरा जाटव को सभी आरोपों से बरी कर दिया।