नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर का नाका इलाके में व्यापारी रवि राठौर को गोली मारने वाला 15 वर्षीय नाबालिग रात को ही पकड़ा गया। पहले तो वह सच्चाई छिपा रहा था, जब उसकी काउंसलिंग कराई गई तब पूरी हकीकत सामने आई। उसके पिता राजू तोमर ने उससे गोली चलवाई थी। राजू आटो चलाता है और उस पर पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
उसकी दुकानदार से बहस हो गई थी। इसे ही वह अपना अपमान समझ बैठा और उसने उसकी हत्या कराने की ही योजना बना डाली। उसने बेटे का इस्तेमाल इसलिए किया, क्योंकि वह नाबालिग है। एफआइआर भी होती तो वह आसानी से छूट जाता। अब इस मामले में पुलिस ने राजू तोमर को भी आरोपित बनाया है। वह भी पुलिस हिरासत में है। दुकानदार में जैसे ही गोली लगी तो तुरंत ग्वालियर थाने की फोर्स सक्रिय हुई।
ग्वालियर थाने के एसआइ संजय शर्मा और उनकी टीम ने पड़ताल शुरू की। तभी इन्हें पता लगा कि सुबह दुकानदार से राजू तोमर की बहस हुई थी। राजू का प्लंबर से विवाद हुआ था। इस मामले में दुकानदार ने बीच बचाव किया। तभी राजू को धक्का लग गया था। इसे वह अपना अपमान समझ बैठा। उसने घर जाकर पहले अपने साथी गुंडों को फोन लगाया। उन्होंने उससे विवाद न बढ़ाने की बात कही। फिर राजू ने अपने बेटे से ही गोली चलवाने की योजना बना डाली। राजू ने उसे कट्टा दिया। मुंह पर कपड़ा बांधकर दुकान पर भेजा। दुकानदार को बेटे ने गोली मार दी।
उसने बेटे को पहले ही समझा दिया था कि गोली मारने के बाद वहां से भागना है। फिर रास्ते में ही कपड़े बदल देना है। उसके बेटे ने ऐसा ही किया। रास्ते में कपड़े बदल लिए। यही कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गया। टीम उस तक पहुंच गई। पूछताछ में यह कहानी खुल गई। इसके बाद राजू को भी पुलिस ने आरोपित बनाया।
इस तरह की घटनाएं बताती हैं कि लोग कितने जल्दबाजी में यह सब कर रहे हैं। छोटे-छोटे झगड़ों में गोलीबारी हो रही है। इससे शहर का माहौल बिगड़ रहा है। आटो चालक ने अपने बेटे का भविष्य ही दांव पर लगा दिया। अगर दुकानदार पैर नीचे किया होता तो उसके सीने में गोली लगती। उसकी जान तक जा सकती थी। इसमें दो परिवार तबाह हो जाते। मामले पर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि दुकानदार को गोली मारने के मामले में उसके पिता को भी आरोपित बनाया है। पिता ने ही गोली चलवाई थी। उसी ने कट्टा दिया और बेटे को गोली चलाना सिखाई।
इसे भी पढ़ें... फर्जी FB Id, न्यूड वीडियो कॉल, स्क्रीन रिकार्डिंग... गिरफ्त में आया ब्लैकमेलर इरशाद, ऐसे बनाता था शिकार