
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पति-पत्नी के घरेलू विवाद में परिवार के अन्य सदस्यों को भी आरोपी बनाए जाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस थानों में दहेज प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज होती हैं, लेकिन अदालत में सुनवाई के दौरान कई मामलों में आरोप साबित नहीं हो पाते। ग्वालियर जिला न्यायालय में हाल ही में ऐसे चार मामलों में फैसला सुनाया गया, जिनमें सभी आरोपित दोषमुक्त हो गए।
इन मामलों में कहीं शिकायतकर्ता महिला खुद अपने आरोपों से मुकर गई, तो कहीं गवाही के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने नहीं आए। एक मामले में फरियादिया की मृत्यु के कारण उसके बयान भी दर्ज नहीं हो सके। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाही के आधार पर आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया।
जिला न्यायालय में सामने आए चारों मामलों में दहेज की मांग, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। हालांकि, सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित नहीं कर सका। इन मामलों में पति के साथ सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों को भी आरोपी बनाया गया था।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पल्लवी बंसल की अदालत ने दहेज प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पति समेत चार आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया। इनमें ग्राम बेहट निवासी सलीम खान, अनजाना, तराना और अकबर खान शामिल हैं।
अभियोजन के अनुसार, वर्ष 2018 में शादी के एक साल बाद से ही आरोपित विवाहिता फातिमा खान से दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। इस मामले में 28 सितंबर 2022 को बेहट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
अदालत में सुनवाई के दौरान फातिमा खान अपने पहले के आरोपों से पलट गईं। उन्होंने बयान में कहा कि ससुराल पक्ष से केवल मामूली विवाद हुआ था। उन्होंने दहेज की मांग और मारपीट से संबंधित आरोपों को भी स्वीकार नहीं किया। इसके बाद अदालत ने चारों आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया।
दहेज प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी के एक अन्य मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने पति समेत तीन आरोपितों को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया।
बरी किए गए आरोपितों में हजीरा निवासी अंकुल उर्फ अंकुर रजक, उनकी मां मुन्नी रजक और पिता किशन रजक शामिल हैं।
अभियोजन के मुताबिक, वर्ष 2021 में शादी के बाद से ही पिंकी रजक से एक लाख रुपये नकद, सोने की चेन और मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में 10 नवंबर 2022 को महिला थाना पड़ाव में मामला दर्ज हुआ था।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान फरियादिया की मृत्यु हो गई, जिसके कारण उनके बयान दर्ज नहीं हो सके। वहीं, गवाही देने पहुंचे मृतका के पिता मोजीराम भी अपने पहले के बयानों से पलट गए। उन्होंने दहेज प्रताड़ना के आरोपों से इनकार कर दिया। पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने तीनों आरोपितों को बरी कर दिया।
दहेज प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी के तीसरे मामले में भी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने पति समेत तीन आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया। इस मामले में सिकंदर कंपू, लश्कर निवासी नीरज शिंदे, उनके पिता बलवंत राव और मां संगीता आरोपी थे।
अभियोजन के अनुसार, वर्ष 2020 में शादी के बाद से ही विवाहिता रंजना से दो लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद अक्टूबर 2022 में महिला थाना पड़ाव में मामला दर्ज कराया गया।
सुनवाई के दौरान अदालत में बयान देते हुए फरियादिया रंजना अपने आरोपों से पलट गईं। उन्होंने कहा कि ससुराल पक्ष के साथ केवल मामूली विवाद हुआ था। उन्होंने दहेज मांगने और प्रताड़ित करने के आरोपों से इनकार कर दिया। इसके बाद अदालत ने तीनों आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया।
दहेज प्रताड़ना के चौथे मामले में भी अदालत ने पति और उसके माता-पिता को दोषमुक्त कर दिया। बरी किए गए आरोपितों में रकाबगंज, आगरा निवासी सर्वेश कुमार, उनके पिता बृजेन्द्र सिंह और मां सुमन देवी शामिल हैं।
अभियोजन के अनुसार, मार्च 2021 में शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष विवाहिता प्रीति वर्मा से पांच लाख रुपये दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की गई। मारपीट कर घर से निकालने का भी आरोप लगाया गया था।
इस मामले में 27 जून 2022 को महिला थाना पड़ाव में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। हालांकि, मुकदमे की सुनवाई के दौरान फरियादिया प्रीति वर्मा अदालत में अपने पहले के आरोपों से पलट गईं। इसके बाद अदालत ने सर्वेश कुमार समेत तीनों आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया।
ग्वालियर जिला न्यायालय में सामने आए इन चार मामलों में एक बात समान रही कि सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित नहीं कर सका। तीन मामलों में फरियादियों ने अदालत में अपने पुराने बयानों का समर्थन नहीं किया, जबकि एक मामले में फरियादिया की मृत्यु के कारण उनकी गवाही नहीं हो सकी। इन फैसलों में गवाही और उपलब्ध साक्ष्यों की भूमिका अहम रही। अदालत ने संबंधित मामलों में आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया।