
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कांग्रेस नेत्री और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन की राज्यसभा चुनाव से संबंधित याचिका पर शुक्रवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में सुनवाई हुई।
न्यायमूर्ति बीपी शर्मा की एकलपीठ ने जवाब पेश करने में लगातार हो रही देरी पर निर्वाचित तीन राज्यसभा सदस्य- तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही जवाब प्रस्तुत करने के लिए दो सप्ताह का अंतिम अवसर दिया है। मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
याचिका में राज्यसभा सदस्य महेश केवट के निर्वाचन को चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ता मीनाक्षी नटराजन ने अपना नामांकन निरस्त किए जाने को भी अनुचित बताया है। उनका आरोप है कि तेलंगाना में लंबित एक आपराधिक परिवाद की जानकारी छिपाने के आधार पर निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन निरस्त कर दिया था। इस मामले में तेलंगाना की जिला अदालत से उन्हें नोटिस जारी हुए थे।
उल्लेखनीय है कि पिछली सुनवाई में एकलपीठ ने तीनों निर्वाचित सांसदों को जवाब पेश करने का अंतिम अवसर देते हुए स्पष्ट किया था कि ऐसा नहीं करने पर लिखित जवाब देने का अधिकार समाप्त कर दिया जाएगा। शुक्रवार को सांसदों की ओर से अधिवक्ताओं ने जवाब के लिए और समय मांगा, जिसे जुर्माने के साथ स्वीकार कर लिया गया।