
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर में सोमवार को बिना नंबर की सफेद नेक्सन कार के चालक ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने पहले नदी गेट के पास एक स्कूटर को टक्कर मारी। इसके बाद भागने के दौरान ऑटो और एक अन्य एक्टिवा को भी अपनी चपेट में ले लिया। इतना ही नहीं, पीछा कर रहे घायल युवक पर भी कार चढ़ाने की कोशिश की।
लगातार हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने पीछा कर चेतकपुरी चौराहे पर कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना सोमवार शाम करीब चार बजे की बताई गई है। देर रात शिकायत मिलने के बाद इंदरगंज थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली।
जानकारी के मुताबिक, झांसी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरोदी निवासी संतोष जाटव सोमवार शाम स्कूटर से शिंदे की छावनी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नदी गेट स्थित बुलेट शोरूम के पास फूलबाग की तरफ से आ रही बिना नंबर की सफेद नेक्सन कार ने उनके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही संतोष सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके दाहिने हाथ और पैर में चोट आई। घटना के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय महल की तरफ तेजी से भाग निकला।
कार चालक ने भागने के दौरान रास्ते में एक ऑटो और दूसरी एक्टिवा को भी टक्कर मार दी। घायल होने के बावजूद संतोष ने स्कूटर से कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
जब चालक ने संतोष को पीछा करते देखा तो उसने कार उनकी तरफ मोड़ दी। संतोष ने समय रहते स्कूटर को दूसरी तरफ कर लिया और किसी तरह अपनी जान बचाई।
आरोपी चालक इंदरगंज की तरफ भाग रहा था। इसी दौरान बिजली घर के गेट के पास उसकी कार ने सोनू कुशवाह की एक्टिवा को टक्कर मार दी। इस हादसे में सोनू के दाहिने हाथ और पैर में चोट आई।
लगातार टक्कर मारने के बाद भी चालक कार लेकर भागता रहा। इसके बाद संतोष, सोनू और अन्य स्थानीय लोगों ने मिलकर कार का पीछा किया।
लगातार हादसों से नाराज स्थानीय लोगों ने कार को चेतकपुरी चौराहे पर घेर लिया। इसके बाद चालक को कार सहित पकड़कर इंदरगंज थाने ले जाया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुंदरम पाल निवासी दतिया बताया। उसने जानकारी दी कि कार उसके भाई सौरभ बघेल के नाम पर रजिस्टर्ड है।
रात में शिकायतकर्ता सामने आने के बाद इंदरगंज थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है। इसमें पुलिस कार को गोला का मंदिर थाने ले जाती दिखाई दे रही है।