_20261128_122541_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मोबाइल और लैपटॉप कारोबारियों को करीब पौने दो करोड़ रुपये की चपत लगाकर फरार हुआ अमित हबलानी, उसकी पत्नी कनिका हबलानी और पिता मनोहर हबलानी का पुलिस सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस ने अमानत में ख्यानत के आरोपितों तक पहुंचने के लिए उनके मोबाइल फोन ट्रेस करने का प्रयास किया, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
हबलानी परिवार की शहर में स्मार्ट मोबाइल फोन जोन के नाम से राजीव प्लाजा सहित सात दुकानें संचालित थीं। आरोप है कि परिवार इन सभी दुकानों का माल समेटकर अचानक गायब हो गया। पुलिस को आशंका है कि आरोपितों ने फरार होने की योजना पहले से तैयार कर रखी थी।
उन्होंने कारोबारियों से नकद उधार लेने के बजाय एक अलग तरीका अपनाया। दुकानदारों से मोबाइल और लैपटॉप इस शर्त पर लिए कि माल बिकते ही भुगतान कर दिया जाएगा। इस भरोसे पर कारोबारियों ने उन्हें बड़ी मात्रा में सामान दे दिया।
आरोप है कि सामान बेचने के बाद भी आरोपितों ने कारोबारियों का भुगतान नहीं किया और रकम अपने ऐशो-आराम पर खर्च कर दी। इसके बाद तीनों परिवार सहित गायब हो गए। पुलिस मोबाइल की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। हालांकि आरोपितों का अब तक पता नहीं चल सका है। कारोबारियों को आशंका है कि सुनियोजित तरीके से की गई इस धोखाधड़ी में उनकी बड़ी पूंजी फंस गई है।