
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पड़ाव थाना क्षेत्र में एक महिला ने रेलवे कर्मचारी पर शादी का वादा करके संबंध बनाने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अलीगढ़ निवासी आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं थाटीपुर में युवती से छेड़छाड़ और बहोड़ापुर में रास्ता रोककर मारपीट करने की शिकायत पर भी पुलिस ने मामले दर्ज किए हैं।
चमड़ामील निवासी 31 वर्षीय महिला ने थाने में शिकायत कर बताया कि अलीगढ़ जिले के ग्राम रामनगर निवासी राजेंद्र प्रसाद जाटव रेलवे विभाग में कार्यरत है। उसकी पहचान लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी। आरोपित ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी कर अच्छे ढंग से रखेगा। उसने यह भी बताया कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा है और जल्द ही तलाक भी हो जाएगा।
पीड़िता के अनुसार एक दिन आरोपित ने बताया कि उसका पत्नी से तलाक हो गया है, अब शादी करने में कोई अड़चन नहीं है। आरोपित उसे साईं बाबा मंदिर के पास स्थित बालाजी होटल में शादी की बात करने के लिए ले गया। इस तरह जनवरी और फरवरी माह में उसे दो बार होटल लेकर गया, जहां संबंध बनाए। अब वह शादी करने से इंकार कर रहा है।
महिला का आरोप है कि जब उसने मामले की रिपोर्ट करने की बात कही तो आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी। घटना बालाजी होटल, साईं बाबा मंदिर के पास की बताई गई है। पुलिस ने 26 नवंबर को प्रकरण दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
थाटीपुर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती ने विशाल सोनवार पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। घटना शिवनगर में नदी के पुल के पास की बताई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।