
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अक्टूबर के आखिरी दिनों में मध्य प्रदेश में अब ठंड (Aaj Ka Muasam)ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन आंधी-बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में पिछले 7 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मालवा-निमाड़ क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मौसम विभाग ने इसको लेकर शुक्रवार के लिए अलर्ट भी जारी किया है। ग्वालियर में रात का तापमान लगातार 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। गुरुवार को दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अब धूप में पहले जैसी चुभन महसूस नहीं हो रही है और रात में ठंडक का अहसास बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से मध्य प्रदेश सहित ग्वालियर में रात और दिन दोनों के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को इंदौर संभाग के आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने जा रहा है। इसका असर प्रदेश में 2 से 3 दिन बाद देखने को मिल सकता है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी। फिलहाल साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से प्रदेश में आंधी-बारिश हो रही है।
गुरुवार को इंदौर, धार समेत पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी भोपाल में दिनभर तेज धूप रही, लेकिन शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन तक ऐसा ही मिला-जुला मौसम बना रहेगा।
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री की बढ़त के साथ 17.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उत्तर हरियाणा के आसपास ऊपरी हवा में चक्रवातीय सिस्टम सक्रिय है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है और मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं आएंगी। इसी वजह से ग्वालियर समेत पूरे MP में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
गुरुवार को शहर में तापमान की स्थिति इस प्रकार रही। अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री रहा। सुबह 5:30 बजे 18.4 डिग्री, 8:30 बजे 21.4 डिग्री, 11:30 बजे 30.4 डिग्री, दोपहर 2:30 बजे 33.2 डिग्री और शाम 5:30 बजे 29.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।