शारीरिक शिक्षा पेशेवरों के लिए नेशनल स्पोर्ट्स रिपाजिटरी पोर्टल लॉन्च, LNIPE के सहयोग से बढ़ेंगे अवसर
इस डिजिटल पहल से शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता आएगी और योग्य प्रशिक्षकों को आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच मिलेगा।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 03:02:32 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 03:03:13 PM (IST)
HighLights
- खेल शिक्षकों का तैयार होगा डेटाबेस
- पोर्टल पर पंजीकरण के प्रमुख लाभ
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की आसान प्रक्रिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में शारीरिक शिक्षा पेशेवरों के लिए नेशनल स्पोर्ट्स रिपाजिटरी सिस्टम का एकीकृत राष्ट्रीय पोर्टल लॉन्च कर दिया गया है।
इस डिजिटल प्लेटफार्म को एलएनआईपीई ग्वालियर के विशेष सहयोग से शुरू किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य देश के सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, खेल कोचों, प्रशिक्षकों और इससे जुड़े अन्य पेशेवरों का एक सुव्यवस्थित और व्यापक राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार करना है।
पोर्टल पर पंजीकरण के प्रमुख लाभ
इस राष्ट्रीय मंच पर पंजीकरण कराने वाले पेशेवरों को कई प्रकार की विशेष सुविधाएं और लाभ प्राप्त होंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस डेटाबेस का हिस्सा बनने से शारीरिक शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। इसके साथ ही उन्हें उन्नत करियर के अवसर, विभिन्न क्षमतावर्धन कार्यक्रमों, विशेष ट्रेनिंग और मूल्यवान संसाधनों तक सीधी पहुंच हासिल होगी। इसके माध्यम से पेशेवर नेटवर्किंग और आपसी सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे वे देश की खेल पहलों, सरकारी योजनाओं और आयोजनों से जुड़ सकेंगे। यह पहल देश में स्कूली शारीरिक शिक्षा और समग्र खेल विकास को मजबूत करने में अहम योगदान देगी।
कौन और कैसे कर सकता है पंजीकरण
- इस पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए पात्रता का दायरा स्पष्ट किया गया है। इसके तहत फिजिकल एजुकेशन टीचर्स, स्कूल स्तर के स्पोर्ट्स टीचर्स व कोचेस, फिजिकल एजुकेशन इंस्ट्रक्टर्स तथा अन्य स्कूल-आधारित शारीरिक शिक्षा पेशेवर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
- पंजीकरण की प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है, जिसके लिए आवेदक आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल (https://account.kheloindia.gov.in/#/registration ) पर जा सकते हैं।
- पोर्टल पर जाकर अकाउंट बनाकर और आवश्यक विवरण भरकर उसे वेरीफाई व सबमिट करना होगा, जिसके बाद पेशेवर विभिन्न अवसरों की खोज शुरू कर सकेंगे।
- इसके अलावा प्रक्रिया को समझाने के लिए रजिस्ट्रेशन ट्यूटोरियल वीडियो का लिंक भी उपलब्ध कराया गया है।
एलएनआईपीई की सक्रिय भूमिका
संस्थान की कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा के मार्गदर्शन में इस राष्ट्रीय पहल से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश और रूपरेखा जारी की गई है। इस व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए प्रो. यतींद्र कुमार सिंह को नोडल आफिसर बनाया गया है। शिक्षाविदों का मानना है कि इस डिजिटल पहल से शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता आएगी और योग्य प्रशिक्षकों को आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच मिलेगा।