
Neo Rail Project: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में नियो रेल प्रोजेक्ट लाने के संकेत दिए हैं। अभी प्रोजेक्ट ड्राइंग स्तर पर है, जिसमें गोला का मंदिर से अचलेश्वर व किलागेट तक ट्रांसपोर्टेशन रहेगा। ग्वालियर में स्मार्ट रोड का प्रोजेक्ट 31 मई तक पूरा किया जाएगा और इसी तिथि से पहले लोकार्पण भी होगा। वहीं महाराज बाड़े पर शासकीय प्रेस में इंडस्ट्रियल म्यूजियम खुलेगा। इसके अलावा महाराजा बाड़ा पर ऐतिहासिक इमारतें खुद अपना इतिहास बताएंगी, जिसके लिए टच बटन सिस्टम लगाया जाएगा।
ट्रैफिक को लेकर सिंधिया ने कहा कि यहां खचाखच जैसे हाल हैं, एलिवेटेड रोड के बाद स्थिति बेहतर होगी। ग्वालियर का कायाकल्प करके ही चैन लेंगे। सोमवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। दो घंटे से ज्यादा चली बैठक में ग्वालियर के विकास कार्यों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को प्रजेंटेशन दिखाया। बैठक में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित थे।
महाराज बाडा
हरियाली और सुंदरता दोनों होंगी: महाराज बाड़ा को लेकर सिंधिया ने कहा कि बाड़ा पर सौंदर्यीकरण व पेडेस्ट्रियन जोन का काम जारी है। बाड़े पर फर्श व पार्क होगी, यहां हरियाली से सुंदरता होगी। एक भी ओवरहेड इलेक्ट्रिकल वायर नहीं होगा, मकड़ी का जाल हटेगा। ऊर्जा मंत्री ने इसके लिए स्वीकृति दे दी है। महाराज बाड़ा पर एक-एक इमारत जो विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखती है, हर इमारत का आर्किटेक्चर व इतिहास लोग जान सकेंगे। कियोस्क बनाया जाएगा, जिसमें बटन टच करते ही इतिहास व जानकारी मिलेगी। हजार बिस्तर अस्पताल के लिए स्वास्थ्य विभाग से वित्त मंत्रालय स्टाफ स्वीकृति का प्रस्ताव गया है, मैं खुद बात कर रहा हूं। जल्द ही मुख्यमंत्री शुभारंभ करेंगे।
कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में किन विकास कार्यों पर यह बोले केंद्रीय मंत्री सिंधिया
1 स्मार्ट रोड: केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि स्मार्ट रोड कब बनेगी सुनिश्चित नहीं हो पा रहा है। हम यह सुनते आ रहे हैं, लेकिन अब 31 मई तक स्मार्ट रोड का लोकार्पण कर दिया जाएगा। स्मार्ट रोड में शामिल होने वाली रोड को लेकर सांसद की अध्यक्षता में काम किया जाएगा।
2 चार एंट्री गेट: शहर के चार एंट्री गेट, जिसमें हर द्वार पर थीम रहेगी। ऊर्जा मंत्री के सुझाव पर यह किया जाएगा। किला, तानसेन मकबरा, जयविलास ऐसे चारों की थीम रहेगी। मई से जुलाई 2023 तक यह तैयार कर दिए जाएंगे।
3 शासकीय प्रेस: सिंधिया ने कहा कि शासकीय प्रेस के कमरे लगभग खाली हो चुके हैं और यहां बड़ा इंडस्ट्रियल म्यूजियम बनाया जाएगा। ग्वालियर में इंडस्ट्रीज का बड़ा इतिहास है, जैसे- जेसी मिल, ग्वालियर पाटरीज आदि। हर भाग का प्रदर्शन होगा।
4 कालीन पार्क: कालीन पार्क में डेढ़ सौ कमरे बने हुए हैं, 500 बनने थे। अभी छह कमरे ही कार्यरत हैं, जब तक डेढ़ सौ कमरों में काम शुरू नहीं होगा तभी इसे अधिकारिक शुरू करेंगे। चंदेरी में जिस तरह हमने काम किया है, वैसा यहां किया जाएगा।
5 नियो रेल प्रोजेक्ट: सिंधिया ने कहा कि एक नियो रेल सिस्टम का प्रोजेक्ट है जो ड्राइंग स्तर पर है। गोला का मंदिर से अचलेश्वर फिर किलागेट तक साढ़े दस किमी रहेगा।
6 ट्रैफिक: यहां खचाखच जैसी स्थिति है, एलिवेटेड रोड का प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद यातायत प्रबंधन बेहतर होगा। मैं जानता हूं हमारी अभिलाषा है।
7 मुरार नदी: 31 करोड़ का पहला भाग और दूसरा भाग 70 से 80 करोड़ का रहेगा। दूसरा भाग जल शक्ति मंत्रालय से स्वीकृत कराएंगे।
8 सिटी नेरोगेज: स्टेट समय की नैरोगेज जो हमारे पास है, ट्रेन-बोगी कुछ कंडम हो चुकी हैं। 25 बोगी ठीक हैं, एक स्ट्रिप है मोतीझील से जो साढ़े दस किमी की है। आपरेटर ढूंढ रहे हैं, जो यह पटरी बची है उस पर हेरिटेज ट्रेन चलाएंगे।
चंबल से आएगा पानी, तीन चरणों में खर्च होंगे 906 करोड़
सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर में चंबल से पानी लाने की परियोजना है। 906 करोड़ की इस परियोजना के तीन चरण हैं। पहले चरण में चंबल से ग्वालियर 105 एमएलडी पानी लाने के लिए 375 करोड़ का है। दूसरा ग्वालियर के एक से लेकर 60 वार्ड पानी सप्लाई में 380 करोड़ खर्च होंगे। इसकी डीपीआर दस मार्च तक तैयार हो जाएगी। तीसरे चरण में वार्ड 61 से 66 तक की 150 करोड़ की अलग डीपीआर बनेगी। सिंधिया बोले- मुझे बताया कि आज इसकी डीपीआर तैयार हो गई है। इसमें अमृत से 806 करोड़ का प्रविधान हो चुका है।