ग्वालियर में हाईवे पर ओवरलोड वाहनों का खेल: NHAI ने भेजी लिस्ट, RTO ने पलटकर पूछा- टोल पर आपने क्या की कार्रवाई?
अब टोल प्लाजा पर वाहन के माल का वजन होने पर ओवरलोड का मापन होता है और 10 प्रतिशत से अधिक ओवरलोडिंग पाए जाने पर पेनाल्टी वसूल कर ली जाती है।
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 10:09:05 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 10:09:52 PM (IST)
HighLights
- देर से मिल रही सूची, मौके पर कार्रवाई में अड़चन
- टोल पर अनलोडिंग बंद, पेनल्टी वसूलकर छोड़े जा रहे वाहन
- मेहरा टोल से गुजरते हैं भारी वाहन, दोनों विभागों में पत्र युद्ध
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। हाईवे पर ओवरलोड वाहनों का खूब खेल चल रहा है। ओवरलोड के खिलाफ कार्रवाई का प्रविधान के बाद भी यह स्थिति है। यह ऐसे सामने आया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से टोल प्लाजा के डाटा के आधार पर परिवहन विभाग को ओवरलोड वाहनों की सूची भेजी जा रही है, यह सूची समय समय पर आ रही है लेकिन तब जब वाहन जा चुका होता है।
इसी बात को लेकर परिवहन विभाग की ओर से एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को पत्र लिखा गया है कि टोल से गुजरने वाले वाहनों को लेकर एनएचएआई द्वारा क्या कार्रवाई की जा रही है और इस मामले में तत्काल ही सूचना नहीं दी जा रही जिससे मौके पर ही कार्रवाई हो सके। वहीं इस मामले में एनएचएआई के अनुसार ओवरलोड होने पर जो प्रविधान पेनाल्टी का है उसे लिया जा रहा है और कानून के हिसाब से कार्रवाई के लिए ओवरलोड वाहनों की सूची परिवहन विभाग को भेजी जा रही है।
मेहरा टोल प्लाजा से गुजरते हैं काफी ओवरलोड वाहन
बता दें कि ग्वालियर बाइपास पर मेहरा टोल प्लाजा से ओवरलोड वाहन भी काफी संख्या में गुजरते हैं। यहां पहले टोल प्लाजा से ओवरलोड वाहन गुजरने पर लोड को ठीक कराने के लिए अनलोड कराने का प्रविधान था लेकिन एनएचएआइ के अनुसार सरकार ने गजट नोटिफिकेशन में बदलाव करा दिया है क्योंकि टोल प्लाजा पर वाहनों को अनलोड करके फिर रवाना करना प्रैक्टिकल नहीं हो पा रहा था।
अब टोल प्लाजा पर वाहन के माल का वजन होने पर ओवरलोड का मापन होता है और 10 प्रतिशत से अधिक ओवरलोडिंग पाए जाने पर पेनाल्टी वसूल कर ली जाती है।
ओवरलोडिंग वाहनों का बड़ा खेल
ग्वालियर बाइपास पर अधिकतर ट्रक और डंपर माल लेकर ओवरलोड निकलते हैं इनमें खनिज पदार्थ ज्यादातर होता है। टोल प्लाजा से निकलने पर बूम बैरियर के पास वाहन का पूरा वजन हो जाता है इसके बाद वाहन का आगे दोबारा वजन किया जाता है और टोल प्लाजा का काम संभालने वाली कंपनी के स्टाफ के द्वारा पेनाल्टी वसूली जाती है। ओवरलोड वाहन चलाने वाले कारोबारियों व ट्रांसपोर्टरों का बड़ा नेटवर्क होता है, टोल प्लाजा के बाद भी वाहन ओवरलोड भेजा जाता है।
परिवहन विभाग कर रहा जुर्माना, संबंधित जिलों को भी पत्र
एनएचएआइ की ओर से आने वाली ओवरलोड वाहनों की सूची में ग्वालियर के अलावा अलग जिलों के वाहन भी होते हैं, इसमें जो ग्वालियर के होते हैं उनकी जुर्माना रसीद काट दी जाती है और इसके अलावा बाहर के होने पर संबंधित जिले को लिख दिया जाता है।
एनएचएआइ की ओर से ओवरलोड गुजरने वाले वाहनों की सूची भेजी जा रही है, इसको लेकर उनसे भी जानकारी हमने मांगी है। ओवरलोड पर जुर्माना राशि वसूली की जा रही है। - विक्रमजीत सिंह कंग, आरटीओ,ग्वालियर
ओवरलोड वाहनों के कारण हाइवे खराब होता है इसको लेकर पेनाल्टी हम वसूलते हैं और कानूनन कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को नंबरों की सूची भेजी जा रही है। परिवहन विभाग यहां स्थाई चेकिंग भी लगा सकता है। - बीएस जोइया, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई