नियमित कर्मचारियों का डीए बढ़ा, पर एनएचएम संविदाकर्मियों को दीपावली पर भी नहीं मिली कोई आर्थिक राहत
इन्हें न महंगाई भत्ता मिलता है और न बोनस या विशेष त्योहार सहायता राशि दी गई है।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 11:48:03 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 11:48:25 AM (IST)
HighLights
- संविदाकर्मियों को नहीं मिला डीए और बोनस
- ग्रेड पे विसंगति दूर करने का निर्णय लंबित
- कर्मचारियों में असंतोष, उठाई गई मांगें
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। प्रदेश सरकार ने शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में दो प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की है, लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के हजारों संविदा कर्मचारियों को दीपावली पर भी आर्थिक राहत नहीं मिली।
इन्हें न महंगाई भत्ता मिलता है और न बोनस या विशेष त्योहार सहायता राशि दी गई है। इससे कर्मचारियों में असंतोष है।
जनहितकारी सेवाओं में निभा रहें जिम्मेदारी
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और जनहितकारी सेवाओं में जिम्मेदारी निभा रहे हैं, इसके बावजूद महंगाई के दौर में उन्हें अतिरिक्त आर्थिक लाभ नहीं मिल रहे। कर्मचारियों की ग्रेड पे विसंगति दूर करने के लिए एनएचएम भोपाल ने कमेटी गठित कर विभिन्न संवर्गों की बैठकें भी की थीं।
अभ्यावेदन और दस्तावेज जमा होने के बाद भी निर्णय लंबित है। कर्मचारियों ने डीए, दीपावली बोनस, वेतन वृद्धि और ग्रेड पे विसंगति दूर करने की मांग उठाई है।