ग्वालियर में 18 दिन से लापता डेढ़ साल की मुस्कान का सुराग नहीं... 3 राज्यों में 10 से ज्यादा टीमें तलाश में
जंगल में ड्रोन से भी तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन पुलिस को अब तक ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 02:01:13 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 02:02:03 PM (IST)
जंगल में बच्ची को खोजती पुलिस। सोशल मीडियाHighLights
- बाजार गई मां तो घर से गायब हुई मासूम
- 100 से अधिक सीसीटीवी और ड्रोन से तलाश
- एक साल से लापता रितेश का भी नहीं सुराग
डिजिटल टीम, ग्वालियर। घाटीगांव के पुरा गांव से लापता हुई डेढ़ साल की मासूम मुस्कान का 18 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। बच्ची की तलाश में ग्वालियर पुलिस की 10 से अधिक टीमें मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में छानबीन कर चुकी हैं।
घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा चुके हैं। जंगल में ड्रोन से भी तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन पुलिस को अब तक ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, जिससे बच्ची का पता चल सके। दिन बीतने के साथ परिजन की चिंता बढ़ती जा रही है।
मां बाजार गई, पीछे से गायब हो गई मुस्कान
पुरा गांव निवासी घनश्याम सिंह किसान हैं और संयुक्त परिवार में रहते हैं। सात नवंबर को छोटी दीपावली के दिन दोपहर करीब एक बजे घनश्याम घर में पुताई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी डेढ़ साल की बेटी मुस्कान को परिजन के पास छोड़कर त्योहार का सामान खरीदने बाजार चली गईं। उस समय मुस्कान अपने चार साल के भाई के साथ खेल रही थी। शाम करीब चार बजे मां घर लौटीं तो बच्ची गायब मिली। परिजन ने घर, आसपास के इलाके, गांव, खेतों और जंगल में तलाश की। देर रात घाटीगांव थाने पहुंचकर अपहरण की आशंका जताई।
हर संभावित एंगल पर जांच, फिरौती के लिए भी फोन नहीं
मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई और ग्रामीणों के साथ जंगलों व खाली मैदानों में तलाशी कराई गई। पुलिस अपहरण, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हैरानी की बात यह है कि अब तक परिवार के पास फिरौती के लिए भी कोई फोन नहीं आया है। इतनी कम उम्र की बच्ची के खुद कहीं चले जाने की संभावना भी बेहद कम मानी जा रही है।
एक साल पहले लापता हुआ रितेश भी नहीं मिला
ग्वालियर में मासूम बच्चों के लापता होने का यह दूसरा गंभीर मामला है। एक नवंबर 2025 को मुरार के मोहनपुर में घर के बाहर खेलते समय तीन वर्षीय रितेश पाल लापता हो गया था। एक साल बीतने के बाद भी पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी है। अब मुस्कान के लापता होने से पुलिस की चुनौती और बढ़ गई है। घाटीगांव थाना पुलिस का कहना है कि बच्ची की तलाश लगातार जारी है। अलग-अलग टीमें संभावित स्थानों पर जांच कर रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।