ग्वालियर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव, नामांकन प्रक्रिया शुरू; पहले दिन 12 अधिवक्ताओं ने भरे पर्चे
मुख्य चुनाव अधिकारी पीसी चांदिल की अध्यक्षता में निर्वाचन समिति ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 12:02:13 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 12:03:07 PM (IST)
नामांकन फार्म दाखिल करते प्रत्याशी प्रशांत चौहान। नईदुनियाHighLights
- 20 नवंबर तक नामांकन, 5 पद आरक्षित
- 18 दिसंबर को मतदान और परिणाम की घोषणा
- चुनाव प्रचार के लिए कड़े नियम लागू
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ के द्विवार्षिक (सत्र 2026-28) चुनाव के लिए मंगलवार को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन 12 अधिवक्ताओं ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल किए। एक उपाध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष और तीन कार्यकारिणी सदस्य के पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। नामांकन प्रक्रिया 20 नवंबर तक सुबह 10:30 से शाम चार बजे तक चलेगी।
8 नवंबर से चुनाव आचार संहिता हो गई है प्रभावी
मुख्य चुनाव अधिकारी पीसी चांदिल की अध्यक्षता में निर्वाचन समिति ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया है। जिसके अनुसार आठ नवंबर से चुनाव आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है।
चुनाव में केवल वही अधिवक्ता मतदाता और प्रत्याशी बनने के पात्र होंगे, जिनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल होगा और मासिक शुल्क जून 2026 तक जमा होगा। जिसकी प्रति संघ कार्यालय से एक हजार रुपये शुल्क देकर प्राप्त की जा सकेगी। 23 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच और उन पर आपत्तियां ली जाएंगी।
25 नवंबर को आपत्तियों का निराकरण कर योग्य प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। 26 नवंबर को सुबह 10:30 से शाम चार बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। 27 नवंबर को प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। 18 दिसंबर को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
मतदान के दिन मतदाताओं को बार एसोसिएशन का परिचय पत्र, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। अधिवक्ताओं के अनुभव की गणना स्टेट बार काउंसिल में पंजीयन की तारीख से 20 नवंबर 2026 तक की जाएगी।
प्रचार के लिए तय किए नियम
- प्रचार सामग्री का आकार छह गुणा चार इंच यानी पोस्टकार्ड से बड़ा नहीं रखा जा सकेगा।
- हाई कोर्ट और जिला न्यायालय परिसर में पोस्टर, पर्चे चिपकाने और होर्डिंग लगाने पर प्रतिबंध रहेगा।
- प्रचार सामग्री में देवी-देवताओं, पीर-पैगंबर, धर्मग्रंथों और धर्मगुरुओं के चित्रों का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा।
- प्रत्याशियों के खिलाफ व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप वाली सामग्री पर रोक रहेगी।
- वाट्सएप, फेसबुक और अन्य इलेक्ट्रानिक माध्यमों से प्रचार किया जा सकेगा।
- नियमों का उल्लंघन करने पर निर्वाचन समिति प्रत्याशी का नामांकन निरस्त कर सकती है।