झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस अब मथुरा तक चलेगी, 4 नए स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
ट्रेन के विस्तार से झांसी, आगरा और मथुरा के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 09:11:10 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 09:11:42 PM (IST)
HighLights
- 53 किमी बढ़ाया गया परिचालन दायरा
- 4 नए स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
- दो से तीन दिन में तय होगी तारीख
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। झांसी और मथुरा के बीच रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेलवे ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैण्ट एक्सप्रेस (11901/11902) को मथुरा स्टेशन तक विस्तारित करने की स्वीकृति दे दी है। इसके बाद झांसी से मथुरा के बीच एक अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी। ट्रेन के विस्तार से झांसी, आगरा और मथुरा के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। विस्तारित मार्ग में चार अतिरिक्त स्टेशन पर वाणिज्यिक ठहराव भी दिए जाएंगे।
इस ट्रेन के चलने की तिथि दो तीन दिन में होगी तय
जनसम्पर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस ट्रेन के चलने की तिथि दो तीन दिन में तय कर दी जाएगी। अभी वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से आगरा कैण्ट तक चलने वाली इस ट्रेन की यात्रा दूरी 217 किलोमीटर है। मथुरा तक विस्तार के बाद ट्रेन कुल 270 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
यानी, ट्रेन का परिचालन 53 किलोमीटर और बढ़ जाएगा। विस्तारित सेवा के तहत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-मथुरा एक्सप्रेस (11901) वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से शाम चार बजे रवाना होगी और रात 11 बजे मथुरा पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन मथुरा-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी एक्सप्रेस (11902) मथुरा से सुबह पांच बजकर पांच निमट रवाना होगी और अपराह्न 12:50 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंचेगी। मथुरा तक विस्तार के साथ ही इस ट्रेन को राजा की मण्डी, रुनकुता, दीन दयालधाम और बाद स्टेशन ठहराव दिया जा रहा है।