ग्वालियर में मिला ऑनलाइन गेमिंग ठगी का अड्डा, मुंबई से ऑपरेट हो रहा था नेटवर्क
पुलिस ने छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो किराए के कमरे से लोटस-247 नाम की गेमिंग वेबसाइट के जरिये ठगी कर रहे थे।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 07:57:11 AM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 08:11:08 AM (IST)
ठगी का कॉल सेंटर चलाने वाले दोनों आरोपी, बरामद मोबाइल और लैपटॉप। नईदुनियाHighLights
- लंदन और महाराष्ट्र से हो रहा था संचालन
- रोजाना हो रहा था लाखों का लेनदेन
- लैपटॉप और सिम कार्ड बरामद
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ऑनलाइन गेमिंग के जरिये देशभर के लोगों को ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ पुलिस ने किया है। शहर के बहोड़ापुर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में किराये से फ्लैट लेकर ठगी का कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। पुलिस ने छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो किराए के कमरे से लोटस-247 नाम की गेमिंग वेबसाइट के जरिये ठगी कर रहे थे।
ठगी के बाद दूसरे खातों में ट्रांसफर कर देते थे पैसे
यह दोनों ठगी करने के बाद पैसे दूसरे खातों में ट्रांसफर कर देते थे। जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए रोजाना पांच से छह लाख रुपये का लेनदेन हो रहा था और पूरा खेल महाराष्ट्र में बैठे मास्टरमाइंड हैंड्रिक्स के इशारे पर चल रहा था। वह लंदन के मोबाइल नंबर से पूरा नेटवर्क ऑपरेट कर रहा था।
बिहार और ग्वालियर के युवक चला रहे थे नेटवर्क
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में बैंक ऑफ इंडिया एटीएम वाली गली में अर्जुन पाल के फ्लैट में कुछ संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। वहां कुछ युवक दिन-रात लैपटाप और मोबाइल पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां करते हैं। पुलिस ने पड़ताल की तो सामने आया कि यहां आनलाइन गेमिंग के जरिये लोगों को ठगने का काम कर रहे थे। मकान में दो फ्लोर बनाकर युवकों को किराए पर रखा गया था।
कई लैपटॉप, मोबाइल और दस्तावेज मिले
कमरे में घुसते ही पुलिस को कई लैपटॉप, मोबाइल और दस्तावेज मिले। पूछताछ में दोनों की पहचान गुड्डू उर्फ इंदरल कुमार निवासी हरलाकी, मधुबनी, बिहार और अजय कुशवाह निवासी हजीरा, ग्वालियर के रूप में हुई है। दोनों पिछले कई महीनों से इसी मकान में रहकर ठगी का काम कर रहे थे।
महाराष्ट्र से मिलता था निर्देश, म्यूल खातों से रकम की हेराफेरी
पूछताछ में आरोपियों ने कई बड़े खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि हैंडलर महाराष्ट्र में रहता है। वही उन्हें मोबाइल, सिम, लैपटॉप और बैंक खाते उपलब्ध कराता था। आरोपी लोटस-247 वेबसाइट पर आने वाले ट्रांजेक्शन को चेक करते थे। किसी का पैसा खाते में आते ही उसे वेबसाइट पर स्वीकार कर आगे की प्रक्रिया पूरी करते थे। म्यूल खाते भी हैंडलर ही उपलब्ध कराता था। इससे ठगी की रकम की हेराफेरी होती थी।
20 हजार रुपये मिलती थी सैलरी
- आरोपियों को हर माह 20 हजार रुपये और खाने का खर्चा मिलता था। बाकी पैसा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था।
- यह माल बरामद: पुलिस ने इनके ठिकाने से लैपटॉप, कंप्यूटर, नौ फर्जी सिम कार्ड, 31 मोबाइल फोन, पेनड्राइव और आईडी प्रूफ की गड्डी बरामद की है।
- पुलिस अब इन मोबाइल और लैपटाप को फोरेंसिक जांच के लिए भेज रही है, ताकि यह पता चल सके कि अब तक कितने लोगों को ठगा गया है और कितनी रकम का लेनदेन हुआ है।