ग्वालियर में 90 हजार से ज्यादा छात्रों को गणवेश राशि का इंतजार, 600 रुपये मिलेंगे
शासन के समय से निर्णय न ले पाने की वजह से सत्र शुरू होने के पांच महीने बाद भी छात्रों को गणवेश नहीं मिल पाया है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 11:14:03 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 11:15:22 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र।HighLights
- 86529 छात्रों के ईपीओ तैयार, खाते में आएंगे रुपये
- 600 रुपये में गणवेश और गर्म कपड़े लाना मुश्किल
- कार्यक्रम तय होने के बाद वन क्लिक से होगा भुगतान
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जिले के सरकारी स्कूलों के कक्षा एक से लेकर आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को आधा शिक्षण सत्र बीतने के बाद भी गणवेश का इंतजार है। छात्रों को गणवेश सत्र की शुरुआत से ही मिल जाना चाहिए था। लेकिन शासन के समय से निर्णय न ले पाने की वजह से सत्र शुरू होने के पांच महीने बाद भी छात्रों को गणवेश नहीं मिल पाया है।
अब सीएम करेंगे गणवेश के पैसे ट्रांसफर
शासन ने पहले छात्रों को रेडीमेड गणवेश देने का निर्णय लिया था। लेकिन किन्हीं वजहों से निर्णय बदला और अब प्रति छात्र 600 रुपये छात्रों के खाते में ट्रांसफर करने का निर्णय लिया है। अब मुख्यमंत्री भोपाल से ही छात्रों के खातों में गणवेश के लिए पैसे ट्रांसफर करेंगे।
86529 छात्रों के ईपीओ तैयार
यूं तो जिले के सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से लेकर आठ तक के छात्रों की संख्या 90652 है। लेकिन इनमें से 86529 छात्रों के ही ईपीओ यानि इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट आर्डर तैयार हो पाए हैं। इन छात्रों के खाते में 51914400 रुपये की राशि मुख्यमंत्री वन क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर करेंगे। बचे हुए छात्रों के ईपीओ तैयार न हो पाने के पीछे विभाग के अफसरों ने खाते संबंधी समस्याएं बताई हैं।
यह हालत है स्कूलों में गणवेश की
कुछ छात्र व छात्राओं के पास पुरानी गणवेश है उसी से काम चला रहे हैं तो कुछ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने स्वयं के खर्च से गणवेश बनवाई है। अन्य छात्र गणवेश की जगह उनके पास उपलब्ध कपड़े पहनकर ही स्कूल आ रहे हैं।
अभी पता नहीं कब खाते में पहुंचेंगे रुपये
यूनीफार्म के लिए 600 रुपये छात्रों के खाते में भेजे जाएंगे। लेकिन यह पैसे जिलास्तर से नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर से दिए जाएंगे। रुपये ट्रांसफर मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से करेंगे। लेकिन अभी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम ही निश्चित नहीं हुआ है। ऐसे में अभी छात्रों को गणवेश के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
600 रुपये में अच्छी क्वालिटी की गणवेश मिलना मुश्किल
शासन स्तर से हर छात्र को दो गणवेश के लिए छह सौ रुपये दिए जाएंगे। लेकिन ग्वालियर शहर की बात करें तो यहां पर एक अच्छी क्वालिटी वाली ड्रेस का एक सेट ही 700 से 1000 के बीच आता है। ऐसे में दो ड्रेस का सेट 1400 से 2000 के बीच में आ रही हैं। ऐसे में शासन स्तर से मिलने वाली राशि बहुत कम है।
गर्म कपड़ों का प्रविधान नहीं
शासन स्तर से दो सामान्य गणवेश के लिए 600 रुपये दिए जा रहे हैं। इसमें ड्रेस ही मुश्किल से आएगी। ठंड को देखते हुए गर्म कपड़े आना मुश्किल हैं। लेकिन जिला शिक्षा विभाग की जेंडर कार्डिनेटर हेमंत कुशवाह का कहना है कि शासन द्वारा गर्म ड्रेस देने का प्रविधान नहीं है। केवल दो सेट ही स्कूल यूनिफार्म दी जाती हैं या उनका पैसा छात्रों को दिया जाता है।
गणवेश देने का निर्णय शासन स्तर से होता है। पहले गणवेश देने की योजना थी, लेकिन अब शासन ने छात्रों के खाते में 600 रुपये ट्रांसफर करने की योजना बनाई है। 86529 छात्रों के इलेक्ट्रानिक पैमेंट आर्डर बना दिए गए हैं। लेकिन अब ये रुपये ट्रांसफर मुख्यमंत्री करेंगे। वे वैसे कब ट्रांसफर करेंगे, इस संबंध में जानकारी नहीं है। -रविंद्र सिंह तोमर, डीपीसी जिला शिक्षा केंद्र।