पर्यावरण संरक्षण के लिए नेपाल से निकली पद्मभूषण डॉ. अनिल जोशी की साइकिल यात्रा आज ग्वालियर में
2 अक्टूबर को पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में शुरू हुई इस यात्रा में 14 साइकिल यात्री शामिल हैं।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 08:24:39 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 08:25:08 AM (IST)
पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी।HighLights
- आईटीएम यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों से संवाद
- नेपाल से शुरू होकर 7 राज्यों से गुजरेगी यात्रा
- हवा, पानी और जलवायु परिवर्तन पर जन-जागरूकता
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नेपाल के जानकीपुर से निकली साइकिल यात्रा सात नवंबर को ग्वालियर पहुंचेगी।
2 अक्टूबर को डॉ. जोशी के नेतृत्व में शुरू हुई थी साइकिल यात्रा
2 अक्टूबर को पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में शुरू हुई इस यात्रा में 14 साइकिल यात्री शामिल हैं। यात्रा डबरा के रास्ते नगर की सीमा में प्रवेश करेगी। यात्रा के सदस्य सुबह करीब 11 बजे आईटीएम यूनिवर्सिटी पहुंचेंगे। यहां साढ़े ग्यारह बजे विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम होगा। इसमें यात्री यात्रा के उद्देश्य और अब तक के अनुभव साझा करेंगे। इसके बाद यात्रा धौलपुर के लिए रवाना होगी।
नेपाल सहित भारत के 7 राज्यों से होकर गुजर रही है साइकिल यात्रा
करीब 50 से 55 दिन की इस यात्रा में साइकिल यात्री लगभग तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यात्रा नेपाल सहित भारत के सात राज्यों से होकर गुजर रही है।
इसके मार्ग में झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड शामिल हैं। यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्रकृति और पर्यावरण के महत्व से जोड़ना है। इसके माध्यम से संदेश दिया जा रहा है कि प्रकृति ही जीवन का आधार है और उसके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
साइकिल यात्रियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर लोगों से संवाद कर हवा, मिट्टी, जंगल और पानी के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यात्रा के दौरान वैश्विक तापमान में वृद्धि और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों पर भी चर्चा की जा रही है।