ग्वालियर में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में गिरा यात्री, पैर का पंजा कुचला
रेलवे के अनुसार घटना के संबंध में बिरलानगर के उप स्टेशन अधीक्षक द्वारा फार्म-एक जारी नहीं किया गया है।
Publish Date: Tue, 06 Oct 2026 08:46:21 PM (IST)Updated Date: Tue, 06 Oct 2026 08:46:44 PM (IST)
HighLights
- ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा यात्री
- चेन पुलिंग से 6 मिनट रुकी रही ट्रेन
- स्वजन इलाज के लिए ले गए निजी अस्पताल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिरलानगर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करना एक यात्री को भारी पड़ गया। ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिरने से उसके दाहिने पैर का पंजा कुचल गया। घायल यात्री को स्वजन उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर गए। हादसे के बाद सहयात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया, जिससे ट्रेन करीब छह मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।
ट्रेन सुबह 9:26 से 9:32 बजे तक छह मिनट डिटेन रही।
रेलवे की कृत कार्रवाई रिपोर्ट के अनुसार घटना मंगलवार सुबह गाड़ी संख्या 19801 के बिरलानगर स्टेशन से गुजरने के दौरान हुई। ड्यूटी पर तैनात आरक्षक उपेंद्र मीणा को सूचना मिली कि एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय गिर गया है। वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच आ गया, जिससे उसके दाहिने पैर का पंजा कुचल गया। सहयात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग की। ट्रेन सुबह 9:26 से 9:32 बजे तक छह मिनट डिटेन रही।
घायल की पहचान गिर्राज (31) पुत्र रामसहाय, निवासी ग्राम छरेंटा, जिला भिंड के रूप में हुई। उसने बताया कि उसने अपने चचेरे भाई को घटना की सूचना दे दी है। कुछ देर बाद चचेरा भाई गौतम मौके पर पहुंचा और घायल को अपनी इच्छा से निजी अस्पताल ले जाने की बात कही। रेलवे के अनुसार घटना के संबंध में बिरलानगर के उप स्टेशन अधीक्षक द्वारा फार्म-एक जारी नहीं किया गया है।