
Pit NDPS Warrant News: ग्वालियर .नईदुनिया प्रतिनिधि। ग्वालियर के मुरार इलाके में रहने वाले नशे के सौदागर विजय शर्मा के खिलाफ पिट एनडीपीएस वारंट जारी किया गया है। संभागायुक्त दीपक सिंह ने वारंट जारी किया है। पुलिस अफसरों का दावा है- इस तरह की कार्रवाई किसी नशे के तस्कर के खिलाफ पहली बार की गई है। यह संभाग की पहली कार्रवाई है। इस कार्रवाई के तहत नशे का सौदागर विजय शर्मा तीन माह तक जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। उसे सागर जेल भेजा जा रहा है।
ग्वालियर के मुरार इलाके में रहने वाला विजय शर्मा नशे की तस्करी करता है। उसके खिलाफ 6 अपराध दर्ज हैं। इसमें मुरार थाने में चार, थाटीपुर और भितरवार में एक-एक प्रकरण दर्ज हैं। वह लंबे समय से नशे की तस्करी करता आ रहा है। उसे पहले भी पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए मुरार पुलिस ने पिट एनडीपीएस वारंट जारी करने के लिए प्रतिवेदन एसएसपी राजेश सिंह चंदेल को भेजा था। एसएसपी राजेश चंदेल ने प्रतिवेदन कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह को भेजा। कलेक्टर के प्रतिवेदन पर संभागायुक्त दीपक सिंह ने पिट एनडीपीएस वारंट जारी किया है। उस पर कार्रवाई कर सागर जेल में भेजा जा रहा है।
लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे बदमाश को महाराजपुरा थाना पुलिस ने पकड़ा है। उस पर दाे हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि आरोपित लंबे समय फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित का नाम अरविंद सिंह पुत्र सिरनाम सिंह गुर्जर निवासी रफादपुर है। उस पर पहले से चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।