
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिजौली इलाके में रतवाई ग्राम स्थित बेथेस्डा इंस्टीट्यूट में ईसाई समाज के वार्षिक कार्यक्रम को लेकर आई शिकायत के क्रम में पुलिस की जांच जारी है। आठ नवंबर तक यह कार्यक्रम निर्धारित था, जिसके बाद काफी लोग चले गए और कुछ के अभी यहीं रुकने की जानकारी है। पुलिस टीम ने बेथेस्डा कॉलेज में पहुंचकर जो जांच की, उसमें यहां आए लोगों की आईडी भी जुटाई हैं और जो रिकॉर्ड आयोजकों की ओर से दिया गया, उसकी जांच की जा रही है।
अभी तक की जांच में पुलिस को यह पता चला कि आयोजन में अधिकतर लोग बाहर से आए थे और स्थानीय लोग शामिल हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के हाथ जो भी रिकॉर्ड आया है, उसकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। वहीं आयोजन की अनुमति के मामले में आयोजकों की ओर से अभी तक कुछ भी पेश नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
बता दें कि इस मामले में शिकायतकर्ता चंद्रकांत मिश्रा निवासी डीडी नगर ने सीएम डॉ. मोहन यादव से लेकर गृह मंत्री व ग्वालियर के कलेक्टर व एसपी को शिकायत की है। शिकायत में बताया है कि रतवाई ग्राम में बेथेस्डा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी नामक ईसाई मिशनरी द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेज चलाया जा रहा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विगत 16 वर्षों में बेथेस्डा इंस्टीट्यूट द्वारा प्रतिवर्ष माह अक्टूबर-नवंबर में एक सप्ताह का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश के हर कोने से गरीब आदिवासी एवं दलित समुदायों के 5 से 7 हजार लोगों को एक सप्ताह तक परिसर में ही रखा जाता है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस महाविद्यालय को केवल इसी कार्यक्रम के लिए प्रयोग में लाया जा रहा है, जबकि शैक्षणिक गतिविधियां शून्य हैं। महाविद्यालय में वर्तमान में मात्र 5-6 लोगों का स्टाफ है, जबकि कभी भी एक भी कक्षा अथवा एक भी छात्र पूरे वर्ष भर नहीं दिखाई देता। शिकायत में कॉलेज की गतिविधियों की जांच कराने की मांग की गई है।
बथेस्डा कालेज को लेकर पुलिस पड़ताल कर रही है, लोगों का रिकार्ड व दस्तावेज जो मिले हैं उनके आधार पर जांच हो रही है। आयोजन की अनुमति पूर्व से ही नहीं दी गई थी।
मनीष यादव, एसडीओपी, बेहट