वर्दी पहनकर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर कसेगी नकेल, PHQ ने मांगा ब्योरा
साइबर सेल और स्थानीय पुलिस टीम मीडिया अकाउंट खंगाल रही है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 09:44:32 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 09:45:14 AM (IST)
सोशल मीडियाHighLights
- छवि खराब करने वाले वीडियो की हो रही पड़ताल
- पत्र आते ही कई कर्मियों ने हटाई रील और फोटो
- दोषी पाए जाने पर होगी विभागीय कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। इंटरनेट मीडिया पर फेमस होने के चक्कर में वर्दी का इस्तेमाल करने वाले पुलिसकर्मियों पर अब गाज गिर सकती है। पुलिस मुख्यालय भोपाल ने ग्वालियर सहित सभी जिलों से ऐसे पुलिसकर्मियों का ब्योरा मांगा है, जो ड्यूटी के दौरान या वर्दी पहनकर रील, वीडियो और फोटो इंटरनेट मीडिया पर डाल रहे हैं।
देखा जा रहा है कि किसने वर्दी में आपत्तिजनक अंदाज में बनाया है वीडियो
मुख्यालय के पत्र के बाद ग्वालियर पुलिस हरकत में आ गई है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस टीम मीडिया अकाउंट खंगाल रही है। देखा जा रहा है कि किस पुलिसकर्मी ने वर्दी में आपत्तिजनक अंदाज में वीडियो बनाया है, या फिर ऐसा कंटेंट डाला है जिससे विभाग की छवि खराब हो रही है।
बताया जा रहा है कि विभाग में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय हैं। कई तो ड्यूटी के दौरान ही रील बनाकर अपलोड कर देते हैं। मुख्यालय का पत्र आते ही ऐसे कई पुलिसकर्मियों ने अपने अकाउंट से वर्दी वाली रील और फोटो हटानी शुरू कर दी हैं।
जनता के भरोसे की निशानी है वर्दी
अधिकारियों का कहना है कि वर्दी सिर्फ ड्यूटी का प्रतीक नहीं, बल्कि जनता के भरोसे की निशानी है। इसका निजी प्रचार के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। जांच में दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई होगी।
जुताई के विवाद में वकील पर तानी राइफल, पुलिस ने दर्ज की FIR
- सिरोल के गांव रमौआ में खेत की जुताई को लेकर विवाद में एक पक्ष ने वकील और परिजनों को राइफल दिखाकर धमकाया।
- पीड़ित वकील गोविंद सिंह गुर्जर ने बताया कि एलीट कंपनी के पास उनका पारिवारिक खेत है।
- 19 नवंबर की सुबह गांव के औतार सिंह गुर्जर अपने बेटे रामनिवास, गिर्राज और छोटू के साथ उनके खेत में जुताई कर रहे थे।
- विरोध करने पर आरोपितो ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
- डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस वाहन देख आरोपी भाग गए।
- पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।