युवक के मोबाइल में मिले 40 से अधिक महिलाओं के अश्लील वीडियो, स्पाय कैमरे से रिकॉर्डिंग की आशंका
पुलिस ने आरोपी युवक योगेश गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि वह पानी का प्लांट चलाता है। वीडियो बनाए जाने की परिस्थितियों और उनके संभाव...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 07:48:01 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 07:53:20 PM (IST)
HighLights
- हिंदू संगठन ने युवक को पुलिस को सौंपा
- स्पाय कैमरे से रिकॉर्डिंग का संदेह
- पीड़ित महिलाओं से संपर्क करेगी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। एक युवक को सनातन सेना के कार्यकर्ताओं ने पकड़कर ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाने की पुलिस को सौंपा। इस पर आरोप है कि उसने दोस्ती कर महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाए हैं। मामला ग्वालियर के पाश इलाके सिटी सेंटर स्थित सारिका नगर का है। पुलिस ने आरोपी युवक योगेश गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि वह पानी का प्लांट चलाता है।
प्रारंभिक जांच में उसके मोबाइल से 40 से अधिक महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस वीडियो बनाए जाने की परिस्थितियों और उनके संभावित दुरुपयोग के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सनातन सेना के कार्यकर्ताओं की सूचना पर हुआ खुलासा
मामले का खुलासा सनातन सेना के कार्यकर्ताओं की सूचना पर हुआ। संगठन के भगवती शुक्ला और मुकेश शर्मा को एक महिला कार्यकर्ता ने युवक पर महिलाओं से दोस्ती कर उनके अंतरंग वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए जानकारी दी थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुलाकात के बहाने युवक को बुलाया और पकड़कर विश्वविद्यालय थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी में कुछ रिकार्डिंग स्पाय कैमरे और स्क्रीन रिकार्डर के माध्यम से बनाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस यह पता लगा रही है कि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाए गए और क्या उनका इस्तेमाल किसी महिला को ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मोबाइल से मिले संपर्क नंबरों की सूची तैयार की है। महिला पुलिस अधिकारियों के माध्यम से संबंधित महिलाओं से संपर्क किया जाएगा। उनसे वीडियो बनाए जाने की परिस्थितियों और किसी तरह के दबाव या ब्लैकमेलिंग के संबंध में जानकारी ली जाएगी।
40 से 50 वर्ष की महिलाओं के वीडियो मिलने की जानकारी
मोबाइल में मिले वीडियो 40 से 50 वर्ष की उम्र की महिलाओं से संबंधित बताए जा रहे हैं। इनमें अधिकांश महिलाओं के तलाकशुदा होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही वीडियो की संख्या, संबंधित महिलाओं की पहचान और मामले के अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी।
सनातन सेना की सूचना पर एक युवक को पकड़ा है। उसके मोबाइल से कई महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। मामले में पूछताछ की जा रही है। मोबाइल में मिले संपर्क नंबरों के आधार पर महिलाओं से भी संपर्क किया जाएगा। - रवि भदौरिया सीएसपी, विश्वविद्यालय