डाक कर्मियों को हाई कोर्ट से बड़ी राहत, आरटीपी सेवा भी जुड़ेगी वरिष्ठता और पेंशन
यूनियन ऑफ इंडिया एवं अन्य की ओर से दायर याचिका में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण, जबलपुर के 24 अप्रैल 2026 के आदेश को चुनौती दी गई थी।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 02:20:56 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 02:21:23 PM (IST)
HighLights
- सेवानिवृत्ति और वेतन लाभों का रास्ता साफ
- एक ही विभाग में दोहरे मापदंड नहीं
- 1986 से जारी कानूनी लड़ाई में राहत
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। डाक विभाग में रिजर्व ट्रेंड पूल (आरटीपी) के तहत सेवाएं देने के बाद नियमित हुए कर्मचारियों को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि नियमित नियुक्ति से पहले आरटीपी के तहत दी गई सेवा को भी वरिष्ठता, वेतनवृद्धि, वित्तीय उन्नयन और पेंशन सहित अन्य सेवानिवृत्ति लाभों की गणना में शामिल किया जाएगा। इससे देशभर में ऐसे कर्मचारियों के सेवा संबंधी लाभों का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
खास बात यह है कि इन लाभों के खिलाफ केंद्र सरकार की ओर से दायर याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
ग्वालियर खंडपीठ की युगलपीठ ने दिया आदेश
ग्वालियर खंडपीठ के न्यायमूर्ति गुरपाल सिंह अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने यह आदेश दिया। यूनियन ऑफ इंडिया एवं अन्य की ओर से दायर याचिका में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट), जबलपुर के 24 अप्रैल 2026 के आदेश को चुनौती दी गई थी।
इस मामले में प्रतिवादी हनुमंत सिंह भदौरिया थे। केंद्र सरकार का तर्क था कि आरटीपी के तहत कर्मचारी नियमित नियुक्ति से पहले केवल काम के घंटों के आधार पर वेतन प्राप्त करते थे। इसलिए उनकी सेवा की गणना नियमित पद पर नियुक्ति के बाद से ही की जानी चाहिए।
इसके विपरीत कर्मचारी पक्ष का कहना था कि आरटीपी के तहत काम करते समय भी वे नियमित डाक सहायकों की तरह ही जिम्मेदारियां निभा रहे थे। ऐसे में उस अवधि की सेवा को बाद में नियमित नियुक्ति के आधार पर मिलने वाले लाभों से अलग नहीं किया जा सकता। हाई कोर्ट ने इस विवाद पर पहले दिए गए फैसले को मौजूदा मामले में भी लागू माना और केंद्र सरकार की याचिका खारिज कर दी।
एक ही विभाग में कर्मचारियों के लिए अलग-अलग नियम नहीं
हाई कोर्ट ने 26 अक्टूबर 2026 को यूनियन ऑफ इंडिया विरुद्ध जीसी गुलवानी एवं अन्य से संबंधित याचिकाओं में दिए गए फैसले को इस मामले में भी प्रासंगिक माना। कोर्ट के सामने यह तथ्य भी था कि तेलंगाना, चेन्नई, केरल और दिल्ली में इसी तरह के कर्मचारियों को आरटीपी की पूर्व सेवा का लाभ मिल चुका है। ऐसे में एक ही विभाग में समान परिस्थितियों वाले कर्मचारियों के साथ अलग-अलग व्यवहार नहीं किया जा सकता। इसी न्यायिक आधार पर केंद्र सरकार की चुनौती स्वीकार नहीं की गई।
1986 से चल रही थी समान वेतन और सेवा लाभ की लड़ाई
- आरटीपी कर्मचारियों के समान वेतन और सेवा लाभों की लड़ाई वर्ष 1986 से चल रही है।
- उस समय आल इंडिया पोस्टल एम्प्लाइज यूनियन ने केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण, जबलपुर में मामला दायर किया था।
- अधिकरण ने आरटीपी कर्मचारियों और नियमित डाक सहायकों के बीच समान काम के लिए समान वेतन के सिद्धांत को लागू करते हुए समान वेतन और नियमितीकरण की प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए थे।
- केंद्र सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन 11 मई 1988 को विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) खारिज हो गई थी।
- इसके बावजूद नियमित नियुक्ति से पहले की सेवा की गणना और उससे मिलने वाले लाभों को लेकर अलग-अलग राज्यों में कानूनी विवाद जारी रहे।
- अब हाई कोर्ट के ताजा आदेश से इस लंबे विवाद में संबंधित कर्मचारियों को राहत मिली है।