प्रशांत राजावत हत्याकांड का मुख्य आरोपी साक्ष्य के अभाव में बरी, जांच में लापरवाही पर पुलिस को फटकार
कोर्ट ने अपने फैसले में हजीरा पुलिस के तत्कालीन थाना प्रभारी विवेचना अधिकारी अमित सिंह भदौरिया की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे घोर लापरवाही करार दिया है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 12:52:54 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 12:54:09 PM (IST)
HighLights
- जब्त चाकू पर एफएसएल जांच में नहीं मिला मानव रक्त
- तत्कालीन थाना प्रभारी की विवेचना पर कोर्ट की सख्त टिप्पणी
- 2017 में ट्रक के नीचे छिपाया गया था युवक का शव
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। जिला एवं सत्र न्यायालय के चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश ने हजीरा थाना क्षेत्र के चर्चित प्रशांत राजावत हत्याकांड में फैसला सुनाते हुए मुख्य आरोपी मोनू उर्फ विवेक तोमर को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया है। न्यायालय ने अपने फैसले में हजीरा पुलिस के तत्कालीन थाना प्रभारी विवेचना अधिकारी अमित सिंह भदौरिया की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे "घोर लापरवाही" करार दिया है।
24 जुलाई 2017 का है मामला
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 24 जुलाई 2017 की रात हजीरा थाना अंतर्गत दुर्गापुरी गली स्थित दीवान पत्थर की फड़ के पास न्यू इंद्रानगर निवासी 24 वर्षीय प्रशांत राजावत की धारदार हथियार से गला रेतकर व पेट फाड़कर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को वहां खड़े ट्रक के नीचे छिपा दिया था। हत्या, साक्ष्य विलोपन और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मोनू उर्फ विवेक तोमर, आकाश परमार और आशीष तोमर को आरोपित बनाया था।
इस मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी गवाह नहीं था और पूरा केस परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर आधारित था। साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद न्यायालय ने पाया कि अभियोजन आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा। पुलिस ने जिस चाकू को हत्या में प्रयुक्त होना बताया, एफएसएल जांच में उस पर मानव रक्त नहीं पाया गया। कोर्ट ने टिप्पणी की कि तत्कालीन थाना प्रभारी व विवेचक अमित सिंह भदौरिया ने मामले की जांच में गंभीर त्रुटियां कीं।
तीसरा आरोपी आशीष तोमर भी फरार
पुलिस ने न तो हत्या के पीछे की रंजिश या मकसद जानने के लिए मृतक के स्वजन के बयान लिए, न ही घटनास्थल पर मिली मोटरसाइकिल के मालिक व फिंगरप्रिंट की जांच कराई। यहां तक कि आरोपियों के खून से सने कपड़े भी जब्त नहीं किए गए। इस प्रकरण के एक अन्य आरोपी आकाश परमार के मामले का निराकरण न्यायालय द्वारा पूर्व में ही किया जा चुका है, जबकि तीसरा आरोपी आशीष तोमर अब भी फरार है।