
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दक्षिण पश्चिम रेलवे में टुमकूरु-दावणगेरे रेलखंड के टोलाहुंसे यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते प्रयागराज और एसएसएस हुब्बल्ली के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन का मार्ग बदला गया है। रेलवे ने ट्रेन क्रमांक 04113-04114 प्रयागराज-एसएसएस हुब्बल्ली विशेष ट्रेन के संचालन में बदलाव किया है। परिवर्तित मार्ग के कारण ट्रेन कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
ट्रेन क्रमांक 04113 प्रयागराज-एसएसएस हुब्बल्ली विशेष ट्रेन का संचालन तीन अक्टूबर और 10 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के बजाय डोन-गूटी-गुंतकल-बल्लारी-एसएसएस हुब्बल्ली होकर चलेगी। मार्ग बदलने के कारण ट्रेन का अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर, येलहंका, तुमकुरु, अरसीकेरे, दावणगेरे और हरिहर स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
वापसी में ट्रेन क्रमांक 04114 एसएसएस हुब्बल्ली-प्रयागराज विशेष ट्रेन का संचालन छह अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। यह ट्रेन एसएसएस हुब्बल्ली-बल्लारी-गुंतकल-गूटी-डोन होकर आगे प्रयागराज की ओर जाएगी। इस बदलाव के चलते हरिहर, दावणगेरे, अरसीकेरे, तुमकुरु, येलहंका, हिंदूपुर, धर्मावरम और अनंतपुर स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा।