
Pre wedding shoot in Gwalior: ग्वालियर(नप्र)। शादी... हर कोई चाहता है, इसके एक-एक लम्हे को यादगार बनाया जाए। इसके चलते अब शादी से पहले प्री-वेडिंग शूट का ट्रेंड भी खूब चल पड़ा है। प्री-वेडिंग शूट का सबसे हाट स्पाट है शहर का दिल... यानि महाराज बाड़ा। दिन में भले ही यहां सड़क पर बेतरतीब गाड़ियां, हाकर्स नजर आए, लेकिन शाम ढलते ही यहां कपल्स नजर आते हैं। एक-दूसरे का हाथ थामे फोटो और वीडियो शूट करवाने यहां हर रोज कपल्स पहुंच रहे हैं। शहर के दिल में शादी से पहले के यादगार लम्हों को कपल्स सहेज रहे हैं। सिर्फ महाराज बाड़ा ही नहीं शहर के अन्य ऐसे स्पाट हैं, जो इस समय प्री-वेडिंग शूट के लिए सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बन गए हैं।
महाराज बाड़ा... चारों तरफ ऐतिहासिक इमारतें। शाम ढलते ही महाराज बाड़े की खूबसूरती में ऐतिहासिक इमारतों पर आकर्षक लाइटिंग चार चांद लगा देती है। यही वजह है- महाराज बाड़ा प्री-वेडिंग शूट के लिए सबसे हाट स्पाट बना हुआ है। यहां रात 11 बजे के बाद ट्रैफिक लोड कम हो जाता है। इसके बाद यहां कपल्स पहुंचना शुरू होते हैं। पीछे आकर्षक लाइटिंग और उसके सामने कपल्स खड़े होकर फोटो, वीडियो शूट करवाते हैं। महाराज बाड़े के पार्क के अंदर से लेकर इमारतों के सामने, सड़क पर प्री-वेडिंग शूट होता है। देर रात तक इन दिनों यहां शूटिंग चल रही है।
बैजाताल का तैरता रंगमंच कपल्स को खूब भा रहा है। इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है। यहां नौ बजे से कपल्स पहुंचते हैं। देर रात तक यहां कपल्स नहीं रहते, इसकी वजह है- यह सूनसान हो जाता है। बैजाताल के सामने सड़क पर भी प्री-वेडिंग शूट हो रहा है। कई लोग जय विलास पैलेस के गेट के बाहर भी शूट करवाते हैं।
किला: ग्वालियर के किले की खूबसूरती भी कपल्स को आकर्षित कर रही है। यहां प्री-वेडिंग शूट के लिए किले की अलग-अलग लोकेशन पर दोपहर से ही प्री-वेडिंग शूट शुरू हो जाता है। यहां ड्रोन से भी प्री-वेडिंग शूट हो रहा है। यहां सबसे ज्यादा बाइक और कार के साथ कपल्स फोटो शूट करवाते हैं। कपल्स के साथ प्री-वेडिंग शूट में फैमिली के लोग भी यहां पहुंचते हैं।