नवरात्रि पर वैष्णो देवी जाने की तैयारी, ट्रेनों में अभी से सीटों की मारामारी; 'नो रूम' और लंबी वेटिंग से बढ़ीं परेशानियां
ग्वालियर से जम्मू-कटरा जाने वाली कई ट्रेनों में अभी से नो रूम की स्थिति बन गई है, जबकि कुछ में स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणियों में लंबी वेटिंग चल रही ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 01 Oct 2026 07:37:02 PM (IST)Updated Date: Thu, 01 Oct 2026 07:37:43 PM (IST)
HighLights
- जम्मू-कटरा रूट की कई ट्रेनों में नो रूम
- स्लीपर से थर्ड एसी तक लंबी वेटिंग
- तत्काल टिकट के भरोसे श्रद्धालु
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर से होने जा रही है। इस दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू-कटरा जाने के साथ ही हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा देवी, ज्वाला देवी और नैना देवी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ेगी। धार्मिक यात्रा की तैयारियों के बीच रेलवे की प्रमुख ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ गई है। ग्वालियर से जम्मू-कटरा जाने वाली कई ट्रेनों में अभी से नो रूम की स्थिति बन गई है, जबकि कुछ में स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणियों में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में यात्रियों के लिए कंफर्म टिकट हासिल करना चुनौती बन गया है।
11 अक्टूबर को ट्रेनों में जगह नहीं
नवरात्रि के पहले दिन 11 अक्टूबर को जम्मू जाने वाली हिमसागर एक्सप्रेस में स्लीपर सहित कई श्रेणियों में नो रूम की स्थिति है। झेलम एक्सप्रेस के स्लीपर में 35 और थर्ड एसी में 17 यात्रियों की वेटिंग चल रही है। वहीं, मालवा एक्सप्रेस में भी सीटों की उपलब्धता नहीं है। ऐसे में पहले दिन माता वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बना रहे यात्रियों को आरक्षित बर्थ मिलना मुश्किल हो सकता है।
12 से 15 अक्टूबर तक भी परेशानी
12 अक्टूबर को अंडमान एक्सप्रेस के स्लीपर और थर्ड एसी में नो रूम की स्थिति है। 13 अक्टूबर को जबलपुर-कटरा एक्सप्रेस के स्लीपर में जगह नहीं है, जबकि थर्ड एसी में 26 और सेकंड एसी में छह यात्रियों की वेटिंग है। इसी दिन झेलम एक्सप्रेस के स्लीपर में 21 और थर्ड एसी में 10 की वेटिंग चल रही है। मालवा एक्सप्रेस के स्लीपर में भी बर्थ उपलब्ध नहीं हैं।15 अक्टूबर को अंडमान एक्सप्रेस में फिर नो रूम की स्थिति है। झेलम एक्सप्रेस के स्लीपर में 29 यात्रियों की वेटिंग चल रही है। नवरात्रि के शुरुआती दिनों में ही ट्रेनों में आरक्षित सीटों की उपलब्धता कम होने से श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा की योजना बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दिल्ली होकर जम्मू जाने का विकल्प भी मुश्किल
जम्मू-कटरा के लिए सीधी ट्रेन में जगह नहीं मिलने पर दिल्ली के रास्ते यात्रा करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिल्ली से जम्मू जाने वाली ट्रेनों में भी नवरात्रि के दौरान कंफर्म बर्थ मिलना मुश्किल हो रहा है। सामान्य आरक्षण में टिकट नहीं मिलने के बाद यात्रियों की उम्मीद तत्काल कोटे पर टिकी है। हालांकि, इस कोटे में भी सीटें सीमित होने के कारण यात्रियों को बुकिंग खुलते ही टिकट लेने का प्रयास करना होगा।
मैहर जाने वाली महाकौशल एक्सप्रेस में भी वेटिंग
नवरात्रि के दौरान मां शारदा के दर्शन के लिए मैहर जाने वाले श्रद्धालुओं की भी संख्या बढ़ने की संभावना है। इसका असर इस मार्ग की ट्रेनों पर भी दिखाई देने लगा है। मैहर जाने वाली महाकौशल एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में धार्मिक स्थलों की यात्रा का कार्यक्रम बना रहे यात्रियों के सामने कंफर्म टिकट की समस्या खड़ी हो गई है। जम्मू-कटरा के साथ मैहर रूट पर भी पहले से आरक्षण कराने वालों को ही सुविधा मिल रही है, जबकि अन्य यात्रियों को तत्काल कोटे में टिकट के लिए प्रयास करना पड़ सकता है।