Pushya Nakshatra: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। खरीदारी के लिए धनतेरस और दीपावली जितने शुभ माने जाते हैं, उतना ही पुष्य नक्षत्र भी शुभ है। पुष्य नक्षत्र का इंतजार खरीदारों और कारोबारियों को रहता है। इस बार शनिवार और रविवार को पुष्य नक्षत्र पड़ रहा है। ऐसे में यह दोनों ही दिन खरीदारी के लिए बहुत ही शुभ रहने वाले हैं। पुष्य नक्षत्र के लिए बाजार तैयार है। कपड़ा, आभूषण, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक और अन्य सेक्टर गुलजार हैं। कारोबारियों का कहना है- इस बार शनिवार और रविवार को पुष्य नक्षत्र पड़ रहा है, रविवार को पुष्य नक्षत्र सुबह 11 बजे तक है, लेकिन हमारे यहां उदया काल से लेकर अस्त तक मान्य होता है। इसलिए रविवार को पूरे दिन खरीदारी की जा सकेगी। रविवार को सरकारी विभागों में काम करने वाले अफसर, कर्मचारियों के साथ निजी कंपनियों में काम करने वाले लोगों की भी छुट्टी रहती है। अब दीपावली नजदीक है। इस बार पिछले साल की तुलना में अधिक कारोबार होने की उम्मीद है।
आटोमोबाइल कई लोगों ने पुष्य नक्षत्र के लिए दो पहिया और चार पहिया वाहनों की प्री बुकिंग करवा रखी है। इनकी डिलीवरी शनिवार और रविवार को होगी। कारोबारियों के मुताबिक कई लोग पुष्य नक्षत्र पर बुकिंग करवा लेते हैं, डिलीवरी धनतेरस और दीपावली पर लेते हैं। ऐसे में वह दोनों ही शुभ संयोगों का लाभ लेते हैं। आटोमोबाइल सेक्टर के कारोबारियों ने दो पहिया और चार पहिया वाहनों पर आकर्षक छूट के साथ ही 100 प्रतिशत तक फायनेंस की सुविधा भी कर दी है। फायनेंस कंपनियां और आटोमोबाइल कंपनियां कई ऑफर्स दे रही हैं।
सराफा पुष्य नक्षत्र गहनों की खरीदारी के लिए शुभ माना जाता है। इस दौरान कई लोग सोने के आभूषण खरीदते हैं। सराफा कारोबारियों का कहना है- इस बार ट्रेंड में बंगाली ज्वेलरी है। बंगाली डिजाइन की मांग ज्यादा है, इसलिए कई आकर्षक डिजाइन महिलाओं के लिए उपलब्ध हैं। शादी के लिए कई लोग सोना सहित अन्य सामान की खरीदारी पुष्य नक्षत्र में ही खरीदते हैं।
इलेक्ट्रानिक इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में सिर्फ एलइडी, फ्रीज, वॉशिंग मशीन ही नहीं बल्कि लैपटाप और मोबाइल की डिमांड इस बार अधिक रहने वाली है। कारोबारियों का कहना है- अब छात्र हों या नौकरीपेशा लोग, हर किसी को ऑनलाइन मीटिंग की आवश्यकता पड़ती है। इसलिए लैपटाप, मोबाइल की बड़ी रेंज और लेटेस्ट मॉडल बाजार में उपलब्ध हैं।
कई लोग पुष्य नक्षत्र पर दीपावली से पहले नए प्रतिष्ठानों से लेकर गृह प्रवेश तक का आयोजन करते हैं। कई लोग भवन की रजिस्ट्री पुष्य नक्षत्र में करवाते हैं। इसकी वजह है- पुष्य नक्षत्र में नए भवन, वाहन के साथ ही किसी नए कार्य की शुरुआत भी समृद्धिकारक मानी जाती है।