
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दिसंबर में रेल यात्रियों को कोहरे के साथ-साथ निर्माण कार्यों की भी दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में रेल लाइन दोहरीकरण, नए क्रॉसिंग स्टेशन की शुरुआत और झांसी स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। कहीं ट्रेनें रद्द रहेंगी तो कहीं उनके मार्ग और प्लेटफॉर्म बदल दिए जाएंगे। ग्वालियर से प्रयागराज जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन दिसंबर के पहले सप्ताह में दो दिन रद्द रहेगी।
वहीं झांसी-नई दिल्ली एक्सप्रेस का झांसी से ग्वालियर के बीच संचालन एक दिसंबर से 28 फरवरी तक बंद रहेगा। आगरा जाने वाले यात्रियों को भी दिसंबर की शुरुआत में ताज एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के प्रभावित होने से परेशानी होगी। यानी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, तेलंगाना, उत्तराखंड, पंजाब और पश्चिम बंगाल के अलावा जम्मू-कश्मीर और दिल्ली के यात्रियों को भी परेशानी झेलनी होगी।
रेलवे के अलग-अलग निर्माण कार्यों का असर केवल ग्वालियर के यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा। झांसी, प्रयागराज, आगरा, बांदा, मानिकपुर और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को भी अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ेगी। खास बात यह है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होने वाले बदलाव दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक जारी रहेंगे। इसके बाद कोहरे के कारण कुछ ट्रेनों का संचालन फरवरी तक प्रभावित रहेगा।
हरपालपुर-बेलाताल के बीच 23 किलोमीटर रेलखंड के दोहरीकरण और घुटई में नया क्रॉसिंग स्टेशन शुरू करने के लिए छह दिसंबर को मुख्य नॉन इंटरलॉकिंग कार्य होगा। इसके चलते ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस (11801) पांच और छह दिसंबर तथा वापसी में प्रयागराज-ग्वालियर एक्सप्रेस (11802) छह और सात दिसंबर को निरस्त रहेगी। इससे पहले ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस 30 नवंबर से चार दिसंबर तक 90 मिनट देरी से रवाना होगी। तकनीकी कार्य के कारण झांसी-बांदा मेमू पांच और छह दिसंबर, बांदा-झांसी मेमू पांच और छह दिसंबर, झांसी-मानिकपुर मेमू पांच और छह दिसंबर तथा मानिकपुर-झांसी मेमू छह और सात दिसंबर को नहीं चलेगी।
यह भी पढ़ें- शादी का बचा खाना खाने से 5 गायों की मौत, 16 बीमार, आक्रोशित हिंदू संगठनों ने दिया धरना; केस दर्ज
कोहरे के चलते रेलवे ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस (12279) को एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक झांसी-ग्वालियर के बीच निरस्त रखने का निर्णय लिया है। वापसी में नई दिल्ली-झांसी ताज एक्सप्रेस (12280) भी इस अवधि में ग्वालियर-झांसी के बीच नहीं चलेगी। इससे दोनों शहरों के बीच नियमित सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी होगी। झांसी से दिल्ली जाने वालों को ग्वालियर और दिल्ली से झांसी जाने वालों को ग्वालियर से आगे के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
धौलपुर-आगरा कैंट रेलखंड पर जाजऊ और भांडई के बीच खारी नदी पुल के स्टील गार्डर बदलने का काम 30 नवंबर से दो दिसंबर तक होगा। इसके चलते ताज एक्सप्रेस इन तीन दिनों में आगरा कैंट तक ही चलेगी और वहीं से लौटेगी। वहीं, एक और दो दिसंबर को झांसी-आगरा के बीच चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनें (11901, 11902, 11807 और 11808) निरस्त रहेंगी। इससे ग्वालियर सहित आसपास के यात्रियों को आगरा जाने के लिए वैकल्पिक साधन तलाशने होंगे।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बैलास्ट लेस ट्रैक का निर्माण 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक होगा। इस दौरान 58 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे, 923 फेरे प्रभावित होंगे, 17 ट्रेनें वैकल्पिक मार्ग से चलेंगी और चार निरस्त रहेंगी। ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस झांसी में प्लेटफॉर्म दो, ग्वालियर-हावड़ा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म तीन और ग्वालियर-वाराणसी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म दो पर आएगी। यात्रियों को स्टेशन पर ट्रेन पकड़ते समय प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर लेनी होगी।
ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस (11123) 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी के बजाय इटावा होकर कानपुर पहुंचेगी। वापसी में बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस (11124) भी इटावा होकर आएगी। दोनों ट्रेनें प्रतिदिन चलती हैं। इसके अलावा फिरोजपुर-नांदेड़ और बरेली-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के निर्धारित फेरों का मार्ग भी बदलेगा। ये ट्रेनें झांसी के बजाय गुना होकर बीना पहुंचेंगी। यात्रियों को सफर से पहले बदले हुए मार्ग की जानकारी लेनी होगी।
दिसंबर में अलग-अलग रेलखंडों पर एक साथ निर्माण कार्य होने और कोहरे के कारण ट्रेनों के संचालन में बदलाव का सीधा असर यात्रियों की आवाजाही पर पड़ेगा। ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन के रद्द होने से दूसरी ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ सकता है। आगरा और झांसी के बीच पैसेंजर सेवाएं बंद रहने से छोटे स्टेशनों के यात्रियों को बसों और अन्य साधनों से सफर करना पड़ सकता है। वहीं झांसी-ग्वालियर के बीच तीन महीने तक दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन बंद रहने से नियमित यात्रियों की परेशानी लंबी अवधि तक बनी रहेगी।
| ट्रेन/मार्ग | प्रभावित अवधि | बदलाव |
| ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस | 30 नवंबर से 4 दिसंबर | 90 मिनट देरी से रवाना |
| ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस | 5 और 6 दिसंबर | ट्रेन निरस्त |
| प्रयागराज-ग्वालियर एक्सप्रेस | 6 और 7 दिसंबर | ट्रेन निरस्त |
| झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस | 1 दिसंबर से 28 फरवरी | झांसी-ग्वालियर के बीच संचालन बंद |
| ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस | 20 नवंबर से 29 दिसंबर | झांसी के बजाय इटावा होकर चलेगी |
| बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस | 20 नवंबर से 29 दिसंबर | इटावा होकर ग्वालियर आएगी |
| फिरोजपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस | निर्धारित छह फेरे | गुना होकर बीना पहुंचेगी |
| बरेली-एलटीटी एक्सप्रेस | निर्धारित छह फेरे | गुना होकर बीना जाएगी |
| ग्वालियर-हावड़ा एक्सप्रेस | 20 नवंबर से 29 दिसंबर | झांसी में प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर आएगी |
| ग्वालियर-वाराणसी एक्सप्रेस | 20 नवंबर से 29 दिसंबर | झांसी में प्लेटफॉर्म नंबर दो पर आएगी |