
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। आगरा-धौलपुर रेलखंड पर खारी नदी पुल के गर्डर बदलने का काम ग्वालियर के रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ाने वाला है। जाजऊ-भांडई स्टेशन के बीच स्थित खारी नदी पुल (ब्रिज संख्या 1331/1) पर रेलवे 30 नवंबर से दो दिसंबर तक यातायात और बिजली का ब्लॉक लेगा। इसके चलते ग्वालियर होकर झांसी और आगरा के बीच चलने वाली चार ट्रेनों को एक और दो दिसंबर को निरस्त कर दिया गया है।
वहीं, झांसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ताज एक्सप्रेस भी इन तीन दिनों में आगरा कैंट तक ही संचालित होगी। इससे ग्वालियर से आगरा और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक साधनों का इंतजाम करना पड़ेगा।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, खारी नदी पुल पर काम के चलते गाड़ी संख्या 11901 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट और गाड़ी संख्या 11902 आगरा कैंट-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी को एक और दो दिसंबर को निरस्त किया गया है।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 11807 झांसी-आगरा कैंट और गाड़ी संख्या 11808 आगरा कैंट-झांसी का संचालन भी इन दोनों दिनों में नहीं होगा। ये सभी ट्रेनें ग्वालियर होकर गुजरती हैं। इनके रद्द होने से ग्वालियर से मुरैना और आगरा के बीच सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे ब्लॉक का असर ताज एक्सप्रेस के संचालन पर भी पड़ेगा। गाड़ी संख्या 12279/12280 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस 30 नवंबर से दो दिसंबर तक आगरा कैंट स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी।
इसके बाद ट्रेन आगरा कैंट से ही वापस रवाना होगी। ऐसे में ग्वालियर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को आगरा कैंट से आगे पहुंचने के लिए दूसरे परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
रेलवे के अनुसार, आगरा-धौलपुर रेलखंड पर जाजऊ-भांडई स्टेशन के बीच स्थित खारी नदी पुल पर स्टील गर्डरों की री-गर्डरिंग का काम किया जाना है। इसी कार्य को पूरा करने के लिए 30 नवंबर से दो दिसंबर तक यातायात और बिजली का ब्लॉक निर्धारित किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो।