दीपावली पर रेलवे का सघन चेकिंग अभियान, बिना टिकट यात्रा करने वाले 82 यात्रियों से वसूला गया जुर्माना
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन से लेकर झांसी-ग्वालियर रेलखंड तक सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।
Publish Date: Fri, 06 Nov 2026 10:18:01 AM (IST)Updated Date: Fri, 06 Nov 2026 10:18:39 AM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- 82 यात्री बिना टिकट पकड़े गए
- 45 हजार से अधिक वसूला जुर्माना
- सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली के त्योहार पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे ने बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन से लेकर झांसी-ग्वालियर रेलखंड तक सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले कुल 82 मामले पकड़े गए। इनसे जुर्माने और अतिरिक्त किराये के रूप में कुल 45 हजार 650 रुपये वसूल किए गए।
रक्षा के लिहाज से जांच का दायरा भी बढ़ाया
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल की ओर से चलाए गए इस अभियान में यात्रियों के टिकटों की जांच के साथ यात्रा संबंधी नियमों के उल्लंघन पर भी नजर रखी गई। दीपावली के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण रेलवे ने सुरक्षा के लिहाज से जांच का दायरा भी बढ़ाया है।
इस दौरान यात्रियों के सामान की जांच और प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। ट्रेनों और रेलवे परिसर में ज्वलनशील व विस्फोटक सामग्री ले जाने की आशंका को देखते हुए निगरानी की गई, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अभियान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर ही सफर करने और ज्वलनशील व प्रतिबंधित सामग्री साथ नहीं रखने की अपील की है। त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।