ग्वालियर में रेलवे टिकट दलाली का पर्दाफाश, आमखो-कंपू आरक्षण खिड़की से 12 हजार रुपये के साथ दलाल गिरफ्तार
आरोपी पारस पाल उर्फ कालू (41) के पास से भविष्य की यात्रा का एक आरक्षित टिकट, तत्काल और सामान्य आरक्षण के भरे हुए आवेदन पत्र तथा टिकट बनवाने के लिए दिए गए 12 हजार रुपये बरामद किए गए।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 10:06:36 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 10:06:55 PM (IST)
HighLights
- आरपीएफ और क्राइम विंग की कार्रवाई
- अतिरिक्त पैसे वसूलने का आरोप
- पहले भी दर्ज हो चुका है केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। रेलवे के आरक्षण काउंटर से तत्काल और भविष्य की यात्रा के टिकट बनवाकर जरूरतमंद यात्रियों से अतिरिक्त रुपये वसूलने के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और क्राइम विंग की टीम ने शनिवार को एक व्यक्ति को पकड़ा। कार्रवाई आमखो-कंपू स्थित आरक्षण टिकट खिड़की पर की गई।
तलाशी में 700 रुपये अतिरिक्त भी मिले
आरोपी के पास से भविष्य की यात्रा का एक आरक्षित टिकट, तत्काल और सामान्य आरक्षण के भरे हुए आवेदन पत्र तथा टिकट बनवाने के लिए दिए गए 12 हजार रुपये बरामद किए गए। तलाशी में 700 रुपये अतिरिक्त भी मिले। आरपीएफ ने आरोपित के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
आरपीएफ पोस्ट ग्वालियर और क्राइम विंग की टीम 24 अक्टूबर को तत्काल आरक्षण टिकटों में दलाली की आशंका को लेकर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आमखो-कंपू की आरक्षण खिड़की पर कार्रवाई की गई। यहां एक व्यक्ति को कथित तौर पर अवैध तरीके से टिकट बनवाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान पारस पाल उर्फ कालू (41), निवासी सिकंदर कंपू, ग्वालियर के रूप में हुई।
टिकट की कीमत के अलावा वसूलता था अतिरिक्त रुपये
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने तत्काल और भविष्य की यात्रा के लिए आरक्षण टिकट बनवाकर यात्रियों को उपलब्ध कराने की बात बताई। वह टिकट के निर्धारित मूल्य से अधिक प्रति यात्री 100 रुपये लेकर टिकट उपलब्ध कराता था। कार्रवाई के दौरान उसके पास से एक सामान्य आरक्षण टिकट मिला, जिसकी कीमत 180 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन यात्रियों के तत्काल आरक्षण के लिए भरा हुआ लाल रंग का आवेदन पत्र और सामान्य आरक्षण का भरा हुआ फार्म भी बरामद किया गया।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
आरपीएफ के अनुसार, पारस पाल के विरुद्ध इससे पहले भी टिकट दलाली के आरोप में मामला दर्ज किया जा चुका है। उसका पूर्व प्रकरण 17 मई 2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट ग्वालियर में रेलवे अधिनियम की धारा 143 में दर्ज हुआ था। अब ताजा कार्रवाई में यह मामला पंजीबद्ध किया गया है। इस कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल ग्वालियर के एएसआइ हीरेंद्र कुमार मीणा तथा क्राइम विंग के एएसआइ देवेश कुमार, हेड कांस्टेबल विनय कुमार और कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे।