ग्वालियर स्टेशन री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट पर रेलवे सख्त, अब नहीं बढ़ेगी समयसीमा
रेलवे के उच्च अधिकारियों ने अब इस अवधि को अंतिम माना है। केपीसी कंपनी को अतिरिक्त समय नहीं मिलेगा।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 10:10:36 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 10:11:17 AM (IST)
सोशल मीडियाHighLights
- 500 करोड़ के प्रोजेक्ट की डेडलाइन बीती
- तकनीकी खामियों की जांच को दस्तावेज नहीं मिले
- पार्किंग में अवैध वसूली और विवाद गहराए
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट को लेकर रेलवे अधिकारियों और केपीसी कंपनी के बीच खींचतान बढ़ गई है। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने सितंबर 2026 तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया था और इसके बाद रेलवे को केंद्र स्तर पर भी पत्र लिखा था। रेलवे के उच्च अधिकारियों ने अब इस अवधि को अंतिम माना है। केपीसी कंपनी को अतिरिक्त समय नहीं मिलेगा।
वास्तविकता यह है कि सितंबर 2026 की समय-सीमा बीत चुकी है और बचा हुआ काम करने का सिलसिला जारी है। अब समय-सीमा न बढ़ने की स्थिति में क्या होगा, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
प्रोजेक्ट की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे
500 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे हैं। सांसद ने निरीक्षण के दौरान तकनीकी खामियां देखी थीं। इसके बाद कलेक्टर और रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में इनकी जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम बनाने का फैसला हुआ। टीम में लोक निर्माण विभाग और जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री तथा सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट शामिल हैं। टीम ने हाल में रेलवे अधिकारियों से दस्तावेज और ड्राइंग-डिजाइन मांगे, लेकिन उन्हें दस्तावेज नहीं दिए गए। जांच अभी शुरू नहीं हुई है।
केंद्रीय मंत्री-सांसद के कई बार निरीक्षण के बावजूद काम संतोषजनक नहीं
प्रोजेक्ट को लेकर पहले से विवाद रहे हैं। केंद्रीय मंत्री सिंधिया और सांसद भारत सिंह कुशवाह कई बार निरीक्षण कर चुके हैं, फिर भी कंपनी का काम संतोषजनक नहीं पाया गया। स्टेशन की सीढ़ियों की चौड़ाई का मामला भी सामने आया था। पार्किंग से जुड़ी समस्या का भी पूरा समाधान नहीं हुआ है। पार्किंग में तय राशि से अधिक वसूली की शिकायतें भी फिर सामने आई हैं। हाल में बहुप्रसारित वीडियो में ठेकेदार ध्रुव परमार की पार्किंग में एक व्यक्ति ग्राहक से तय राशि से ज्यादा लेते दिखा।
रेलवे स्टेशन प्रोजेक्ट को लेकर अब एक्सटेंशन नहीं दिया जाएगा। इसको लेकर रेलवे से भी पत्र जारी हुआ है। इस मामले में समिति भी जांच कर रही है। - भारत सिंह कुशवाह, सांसद, ग्वालियर।