शनिश्चरा मेले के लिए रेलवे की खास तैयारी: चलेंगी दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें, सुरक्षा और स्वास्थ्य के रहेंगे कड़े इंतजाम
यात्रियों की भीड़ नियंत्रण के लिए जरूरत पड़ने पर नियमित ट्रेनों के फेरे व कोच बढ़ाए जाएंगे और ग्वालियर में एक अतिरिक्त रैक स्टैंडबाय पर रखा जाएगा।
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 09:26:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 09:26:51 PM (IST)
HighLights
- दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें
- सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था
- यात्रियों की सुविधा के पुख्ता इंतजाम
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शनिश्चरा में 9 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शनिश्चरी अमावस्या मेले को लेकर उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले में लगभग दस हजार श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए रेल प्रशासन ने कई विशेष कदम उठाए हैं। मेले के दौरान ग्वालियर-भिंड मार्ग पर दो अतिरिक्त मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
साथ ही यात्रियों की भीड़ नियंत्रण के लिए जरूरत पड़ने पर नियमित ट्रेनों के फेरे व कोच बढ़ाए जाएंगे और ग्वालियर में एक अतिरिक्त रैक स्टैंडबाय पर रखा जाएगा।
स्टेशन पर रहेंगी ये विशेष सुविधाएं
- मेला अधिकारी व स्टाफ: सहायक वाणिज्य प्रबंधक, ग्वालियर को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त बुकिंग कर्मचारियों की तैनाती के साथ यूटीएस से टिकट बांटे जाएंगे।
- सुरक्षा व स्वास्थ्य: आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात रहेंगे। आपात स्थिति के लिए शनिश्चरा स्टेशन पर दो डाक्टर, प्राथमिक उपचार सामग्री और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
- बिजली, पानी व स्वच्छता: पेयजल के लिए 500-500 लीटर की नल लगी अतिरिक्त टंकियां, पर्याप्त रोशनी, अग्निशमन यंत्र और अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।