नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। मौसम हर दिन बदल रहा है। मानसून कभी तेज तो कभी मध्यम वर्षा करा रहा है तो कहीं पर बूंदाबांदी से ही संतोष करना पड़ रहा है। शिवपुरी से होकर गुजर रही ट्रफ लाइन से अंचल में वर्षा हो रही है जबकि ग्वालियर में बूंदाबांदी ही मुश्किल से हो सकी। जिसके कारण अब धूप भी अपने तेवर दिखाने लगी है। बुधवार को दिन में धूप रही ताे लोगों को गर्मी का अहसास भी हुई, लेकिन बीच में अचानक से कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। जिससे दिन के तापमान में 0.3 डिग्री औ रात के तापमान में 0.5 डिग्री की कमी भी आ गई।
मौसम वैज्ञानिक दिव्या बताती हैं कि राजस्थान से बंगाल तक जा रही ट्रफ लाइन इस वक्त ग्वालियर के ऊपर शिवपुरी से होकर गुजर रही है। इसलिए ग्वालियर चंबल अंचल के जिलों के आसमान में बन रहे बादलों को नमी मिल रही है। इस कारण से दतिया,भिंड ,मुरैना और श्योपुर में कुछ स्थानों पर खूब वर्षा हुई। ग्वालियर शहर को छोड़ दिया जाए तो आसपास के क्षेत्र में वर्षा हुई है। अगले दो दिन कुछ ऐसा ही मौसम रहने वा ला है,कहीं पर तेज तो कहीं पर मध्यम वर्षा के आसार बन सकते हैं।
बुधवार की सुबह साढ़े पांच बजे तापमान रात से अधिक रहा और 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह सुबह खिली धूप के कारण वातावरण में गर्मी आई तो साढ़े आठ बजे तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसे जैसे दिन आगे बढ़ा तो धूप ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया जिसके कारण सुबह साढ़े 11 बजे तापमान 35.0 डिग्री पर पहुंच गया। लेकिन दोपहर में अचानक से आसमान में बादल घिरे और बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिसके कारण तापमान घटकर 29.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दिन में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्स यस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी 81 फीसद और दोपहर में 94 फीसद नमी रही। जबकि कुल वर्षा अबतक 345.1 एमएम दर्ज हो चुकी है।
मौसम विज्ञानी का कहना है कि इस वक्त मानसून कमजाेर है। इसलिए ग्वालियर में वर्षा कम हो रही है। 17 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में हवाओं का सिस्टम बनने के आसार हैं। बंगाल से आने वाली हवाएं अपने साथ नमी लेकर आएंगी जो ग्वालियर सहित पूरे अंचल में वर्षा कराएंगी। तबतक ग्वालियर में मध्यम वर्षा के आसार बने हुए हैं। बीच बीच में आवर हीटिंग होने से तेज वर्षा के आसार भी बन सकते हैं।