त्योहार पर गुजरात जाने वालों को राहत, ग्वालियर होकर असारवा के लिए चलेगी एकतरफा विशेष फेस्टिवल ट्रेन
गाड़ी संख्या 01826 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-असारवा विशेष ट्रेन पांच नवंबर को ग्वालियर स्टेशन पर ठहराव लेकर रवाना होगी।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 09:12:15 AM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 09:12:35 AM (IST)
HighLights
- झांसी से असारवा के बीच स्पेशल ट्रेन
- ग्वालियर स्टेशन पर रहेगा 5 मिनट का स्टॉपेज
- ग्वालियर-भिंड रेलखंड पर चेकिंग, वसूला जुर्माना
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। त्योहार पर रेलवे ने चार एकतरफा विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें ग्वालियर के यात्रियों के लिए भी एक विशेष ट्रेन उपलब्ध रहेगी। गाड़ी संख्या 01826 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-असारवा विशेष ट्रेन पांच नवंबर को ग्वालियर स्टेशन पर ठहराव लेकर रवाना होगी। इससे गुजरात जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
ट्रेन 9:10 बजे आगे के लिए होगी रवाना
यह ट्रेन पांच नवंबर को सुबह 7:30 बजे झांसी से रवाना होगी और सुबह 9:05 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद 9:10 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई, जयपुर, अजमेर, मारवाड़ जंक्शन और आबू रोड होते हुए छह नवंबर को सुबह 7:30 बजे असारवा पहुंचेगी।
पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए झांसी से दो विशेष ट्रेनें संचालित होंगी। गाड़ी संख्या 01825 झांसी-हडपसर विशेष ट्रेन पांच नवंबर को दोपहर 12:45 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:30 बजे हडपसर पहुंचेगी।
ग्वालियर-भिंड रेलखंड पर टिकट जांच अभियान में 22 बेटिकट पकड़े
ग्वालियर-भिंड रेलखंड पर बुधवार को रेलवे की वाणिज्य विभाग की टीम ने ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वाले कुल 22 मामले पकड़े गए। इनसे जुर्माने सहित 12,900 रुपये का रेल राजस्व वसूल किया गया।
नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला
अभियान सहायक वाणिज्य प्रबंधक आरके वर्मा के नेतृत्व में ट्रेन संख्या 19811 और 64642 में चलाया गया। जांच के दौरान 21 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। वहीं, रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत गंदगी फैलाने और संबंधित अनियमितता का एक मामला भी सामने आया। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रेलवे ने जुर्माना वसूला।
चलाए जा रहे हैं जांच अभियान
इस अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक दिग्विजय सिंह सिकरवार, वरिष्ठ मुख्य टिकट कलेक्टर श्यामू सिंह सिकरवार, विजय तोमर और रेलवे सुरक्षा बल के राकेश कुमार शर्मा शामिल रहे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों पर अंकुश लगाने और यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।