
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के व्यस्त इलाके पड़ाव क्षेत्र में एलआइसी तिराहे के पास शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट में बुधवार की सुबह आग लग गई। सुबह लगभग सवा सात बजे राहगीरों को रेस्टोरेंट से भयानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं, तो उन्होंने तत्काल ही फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड के अमले ने दो गाड़ी पानी फेंककर आग को काबू में किया। संभावना जताई गई है कि पूजा के दीपक या शार्ट सर्किट की वजह से आग लग सकती है। इस पुलिस और फायर ब्रिगेड मामले की जांच में जुटी है। रेस्टोरेंट के संचालक पुरुषोत्तम रामसनेही बुधवार सुबह करीब छह बजे रोज की तरह प्रतिष्ठान पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूजा-पाठ कर दीपक जलाया और घर लौट गए।
थोड़ी देर बाद ही उन्हें सूचना मिली कि उनके रेस्टोरेंट में आग लग गई है। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आसपास के लोगों और राहगीरों ने भी फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया था। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका गया और काफी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया गया।
यह भी पढ़ें- सतना के प्रेमनगर पावर हाउस के केबल यार्ड में लगी आग, 5 दमकलों ने आधे घंटे में पाया काबू
इस दौरान फायर ब्रिगेड को दो गाड़ी पानी फेंकना पड़ा। आग लगने की सूचना मिलने पर पड़ाव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस व फायर ब्रिगेड आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का पता लगा रही है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।