रिटायर फौजी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, जांच शुरू
इस खौफनाक दृश्य को देखकर मौके पर पहुंचे परिजनों की चीख निकल गई।
Publish Date: Fri, 06 Nov 2026 08:21:52 AM (IST)Updated Date: Fri, 06 Nov 2026 08:22:14 AM (IST)
HighLights
- कमरे में खुद को मारी गोली
- धमाके की आवाज से मचा कोहराम
- हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाइन नंबर एक में गुरुवार रात 11.30 बजे रिटायर फौजी धर्मेंद्र सिंह तोमर(50) पुत्र वीरपाल सिंह तोमर ने घर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
कनपटी पर सटाकर दबाया ट्रिगर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त घर का माहौल सामान्य था, धर्मेंद्र सिंह तोमर ने खाना खाया और अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। यहां अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और बिस्तर पर ही गोली मार ली। वह गोली लगते ही बिस्तर से बगल में रखे छोटे स्टूल पर सिर के बल गिरे। बगल में राउंड पड़ा था, पूरा कमरा खून से सना हुआ था, बगल में पिस्टल थी।
गोली की आवाज सुन स्वजन दौड़े
जिस स्थिति में उनकी लाश मिली, उससे आशंका है-कनपटी पर रखकर ट्रिगर दबाया। गोली उनके सिर को चीरती हुई दूसरी तरफ से निकल गई। सिर के आर-पार होने के बाद खून और मांस के टुकड़े उड़कर पास की दीवार तक फैल गए। गोली की आवाज सुन स्वजन दौड़े। इस खौफनाक दृश्य को देखकर मौके पर पहुंचे परिजनों की चीख निकल गई।
ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, कुछ भी स्पष्ट नहीं
गोली की आवाज से आसपास के पड़ोसियों में भी सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का से मुआयना किया और फारेसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि धर्मेंद्र सिंह तोमर करीब नौ साल पहले सेना से सेवानिवृत्त होकर घर आए थे और शांतिपूर्ण जीवन बिता रहे थे। हालांकि, उन्होंने अचानक यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसे लेकर परिजन कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने की स्थिति में नहीं हैं।
पुलिस इस मामले में पारिवारिक कलह, मानसिक तनाव या अन्य किसी संभावित कारणों की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है।