
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली के त्यौहार से पहले साफ और गडढामुक्त सड़कों पर शहरवासियों को चलने को मिलेगा, ऐसे निर्देश खुद ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने दिए थे। उन्होनें कहा था कि दीपावली से पहले मुझे शहर की सड़कें गडढा मुक्त चाहिए। निर्देश तो निर्देश ही रह गए। इसके बाद नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने भी सड़कों को गडढामुक्त बनाने के लिए बड़ी बैठक ली थी और डबल एक्शन प्लान भी तैयार किया था।
यह हुई प्रभारी मंत्री से लेकर आदेश-निर्देश की बात, अब हकीकत देखें तो ग्वालियर की कई मुख्य सड़कों पर धूल और गडढों के बीच दीपावली का त्यौहार मनेगा। हालात यह हैं कि वाहन चालकों को मुंह पर कपड़ा लगाकर निकलना पड़ रहा है।
यहां तक कि ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों को मास्क पहनकर जैसे तैसे धूल में डयूटी करना पड़ रही है। नईदुनिया ने ऐसे मुख्य मार्गों की पड़ताल की हालात देखे तो यही आया कि माननीय और अफसर अपने निर्देश और आदेश पर अडिग नहीं दिखे और जनता परेशानी झेल रही है।
नगर निगम के अधिकारियों से प्रभारी मंत्री ने कहा था कि दीपावली के त्योहार से पहले शहर की सड़कें गड्ढा मुक्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नई सड़कों के लिए बजट का बिंदु हो सकता है लेकिन पैच रिपेयरिंग तो तत्काल होनी चाहिए। इस पर अपर आयुक्त नगर निगम ने बताया कि पैच रिपेयरिंग का काम तेजी से चल रहा है।
सात अक्टूबर को नगर निगम ने सड़कों को त्यौहार से पहले गडढ़ामुक्त करने के निर्देश जारी किए थे। आयुक्त की ओर से डबल एक्शन प्लान तैयार कराया गया था लेकिन यह पूरी तरह जमीन पर नहीं उतर सका। निगम ने बताया था कि अभियान को और गति देने के लिए अब पेचवर्क का कार्य दो पालियों में दिन और रात किया जा रहा है।
इसके लिए पेचवर्क वाहनों पर अलग-अलग पालियों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिससे सड़क सुधार कार्य की गति को बढ़ाकर अधिक से अधिक सड़कों को कम समय में गड्ढामुक्त किया जा सके। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
1 - जेसी मिल के सामने बिरलानगर रोड
बिरलानगर रेलवे पुल के नीचे से चार शहर का नाका तक डाली गई सीवर लाइन के कारण खुदी सड़क पर गिटटी डालकर छोड़ दिया गया। यहां सड़कों पर गडढे और धूल के गुबार के कारण वाहन चालकों का निकलना मुश्किल है।
2 - एजी आफिस से विक्की फैक्ट्री तिराहा रोड
यहां एक तरफ की रोड नहीं बनी है जिसके कारण पूरे मार्ग पर गडढे ही गडढ़े और धूल से हालात खराब है। यहां ट्रैफिक पुलिस भी मास्क लगाकर डयूटी कर पा रही है। वाहनों का इस रोड पर अधिक लोड रहता है। लोग बिना मुंह ढंके यहां से नहीं निकलते हैं।
3 - डीडी माल रोड
डीडी माल के सामने वाला मार्ग पूरा जर्जर पड़ा हुआ है। हालात यह हैं कि यहां गडढे बहुत सारे हैं और ट्रैफिक लोड होने से चालक अचानक घबरा भी जाते हैं। धूल के कारण यहां भी हालात खराब हैं।