ग्वालियर में आरएसएस का शताब्दी संकल्प शिविर 4 दिसंबर से, दत्तात्रेय होसबाले देंगे युवाओं को मार्गदर्शन
शिविर के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रबोध, सामाजिक चेतना और संगठनात्मक जीवन के प्रति समझ विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 11:36:33 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 11:37:02 AM (IST)
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले।HighLights
- कुंभ की तर्ज पर तैयार होगी टेंट सिटी
- 10 नवंबर को स्वयंसेवक करेंगे श्रमदान
- मैदान में चलाएंगे स्वच्छता अभियान
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्यभारत प्रांत का शताब्दी संकल्प शिविर चार से छह दिसंबर तक ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। शिविर में प्रांत के 31 जिलों से करीब तीन हजार महाविद्यालयीन विद्यार्थी सहभागी होंगे।
संघ के सर कार्यवाह से मिलेगा मार्गदर्शन
संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले से तीन दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन मिलने की संभावना है। शिविर के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रबोध, सामाजिक चेतना और संगठनात्मक जीवन के प्रति समझ विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा।
कुंभ की तर्ज पर तैयार होगी टेंट सिटी
शिविर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेला मैदान में कुंभ की तर्ज पर विशाल टेंट सिटी बसाई जाएगी, जहां तीन हजार विद्यार्थियों के ठहरने और अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। शिविर के लिए भूमि पूजन के साथ तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो चुका है। फिलहाल मैदान के समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है। व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों का पंजीयन जिला स्तर पर किया जाएगा। शिविर में आने वाले विद्यार्थियों को अपने बिस्तर और बर्तन साथ लाने होंगे।
श्रमदान से करेंगे शिविर स्थल को स्वच्छ
शिविर की तैयारियों में स्वयंसेवकों की सहभागिता भी रहेगी। इसके तहत 10 नवंबर को स्वयंसेवक मेला मैदान में श्रमदान करेंगे और कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। शिविर स्थल को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के साथ सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।
पंच परिवर्तन और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर होगा मंथन
शिविर के तीन दिनों में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न वैचारिक, सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें राष्ट्रबोध, सामाजिक चेतना, संगठनात्मक अनुशासन और समाज के प्रति स्वयंसेवक के दायित्व जैसे विषय प्रमुख रहेंगे। पर्यावरण संरक्षण, पंच परिवर्तन और राष्ट्र के प्रति समर्पण के भाव को लेकर भी विद्यार्थियों के बीच संवाद और गतिविधियां होंगी। संघ की शताब्दी वर्ष की दृष्टि से आयोजित इस शिविर में युवा पीढ़ी को राष्ट्रजीवन में सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।