
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति नहीं करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। सीएमएचओ डा. जेएस यादव ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के बाद जिले के 83 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का जुलाई माह का वेतन कार्य पूर्ण होने तक रोकने के निर्देश जारी किए हैं। सीएमएचओ के अनुसार 13 जुलाई को राज्य स्तर पर आयोजित वीडियो कान्फ्रेंस में मिले निर्देशों के बाद जिले में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और उपलब्धियों की समीक्षा की गई।
समीक्षा में कई स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके चलते प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों का जुलाई माह का वेतन रोक दिया गया है। यह वेतन तभी जारी किया जाएगा, जब संबंधित कर्मचारी निर्धारित कार्यों और लक्ष्यों की पूर्ति करेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने सभी संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को अपने कार्य निष्पादन में सुधार लाने, स्वास्थ्य योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध शासन के निर्देशानुसार इसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- आर-पार की जंग: आज रायपुर में गूंजेगी सहायक शिक्षकों की हुंकार, जांजगीर से हजारों शिक्षक विधानसभा घेरने रवाना
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा में जिन कर्मचारियों का प्रदर्शन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, उनका जुलाई माह का वेतन कार्य पूर्ण होने तक रोका गया है। सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरे करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में भी खराब प्रदर्शन पर प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।डा. जेएस यादव, सीएमएचओ भिंड।