समता व लश्कर एक्सप्रेस चलेंगी तीसरी लाइन पर, बीना से धौलपुर तक बदलेगा संचालन, घट सकती है लेटलतीफी
इससे परिचालन सुचारू होने और समयपालन में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 08:55:42 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 08:56:08 AM (IST)
HighLights
- बीना से धौलपुर तक तीसरी लाइन का उपयोग
- ग्वालियर-झांसी रूट की ट्रेनों को भी मिलेगा लाभ
- दोहरी लाइन का दबाव घटेगा, समयपालन सुधरेगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर-झांसी रेलखंड पर ट्रेनों की लेटलतीफी कम करने के लिए रेलवे ने तीसरी लाइन का इस्तेमाल बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत समता और लश्कर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को अब बीना से धौलपुर के बीच तीसरी लाइन से निकाला जाएगा। उत्तर मध्य रेलवे ने इस संबंध में तत्काल प्रभाव से निर्देश जारी किए हैं।
बीना से धौलपुर तक बदलेगा ट्रेनों का संचालन
इस व्यवस्था से दोहरी लाइन पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और आउटर पर ट्रेनों को रोकने की स्थिति में कमी आने की उम्मीद है। रेलवे के आदेश के अनुसार, ट्रेन नंबर 12161 लश्कर एक्सप्रेस और 12807 समता एक्सप्रेस बीना से धौलपुर तक तीसरी लाइन पर संचालित होंगी।
इसके अलावा प्रयागराज-ग्वालियर और ग्वालियर-झांसी एक्सप्रेस को झांसी-ग्वालियर के बीच तीसरी लाइन से चलाया जाएगा।
इस बदलाव का लाभ ग्वालियर के अलावा डबरा, दतिया और मुरैना के यात्रियों को भी मिल सकता है। अतिरिक्त ट्रैक का उपयोग होने से ट्रेनों को एक-दूसरे के पीछे रोकने की जरूरत घटेगी। इससे परिचालन सुचारू होने और समयपालन में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।