Scindia in Gwalior: ग्वालियर (नईदुनिया प्रतिनिधि) वाल्मीकि समाज के सामाजिक सरोकार में गुरुवार को आयोजित सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सबका साथ, सबका विकास संकल्प के साथ देश और प्रदेश को विकास के सर्वोच्च शिखर पर ले जा रहे हैं। हर वर्ग- हर तबके के विकास की सोच के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज की दिशा और दशा बदल रही है। वाल्मीकि समाज के राजनीतिक अधिकारों की मांग पर सिंधिया ने कहा कि हमारी नजर में समाज का हर व्यक्ति हीरो हैं, किंतु समाज तय करे कि उनकी नजर में कौन हीरो है, कौन जीरो है। नगर निगम से जुड़ी मांगों पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व सभापति मनोज सिंह तोमर के साथ बैठकर तय किया जाएगा।
समारोह में बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, शेरू वाल्मीकि, अशोक वाल्मीकि, पप्पू बड़ोरी, दिनेशचंद्र लौधे के साथ समाज के प्रमुख लोग मौजूद थे। सम्मेलन में सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोनाकाल में 80 करोड़ लोगों को अनाज देने की योजना शुरु की थी, जो कि आज भी जारी है। वहीं 8 करोड़ महिलाओं को जहरीले धुएं से बचाने के लिए गैस सिलेंडर दिए, इसके साथ ही नारी शक्ति को आर्थिक मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री प्रत्येक खाते में अब हर माह 1200 रुपए भेजेंगें, इसके साथ ही नगर का विकास भी सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज का ऋण हम कोई नहीं उतार सकता है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायाण से समूच विश्व प्रकाशवान हैं। कांग्रेस नेताओं ने छल-कपट तो सिंधिया के साथ किया था: प्रद्युम्न: प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने नेता प्रतिपक्ष डा़ गोविंद सिंह के बयान की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर छल-कपट कर कांग्रेस की सरकार गिराने का आरोप लगाया है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का यह बयान हड़बड़ाहट में दिया गया बयान है, जो अपने नेताओं को खुश करने की कोशिश भर है। सिंधिया के साथ खुद उनकी पार्टी ने छल-कपट किया था। सभी वाकिफ हैं कि सिंधिया के चेहरे को आगे रखकर कांग्रेस ने चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में बुजुर्ग कमल नाथ को मुख्यमंत्री बना दिया गया। छल-कपट तो कांग्रेस नेताओं ने सिंधिया के साथ किया था।
सिंधिया ने वाल्मीकि समाज के सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना कहा कुछ चेहरे चुनाव के समय नजर आते हैं। वादे करते हैं फिर पांच साल गायब हो जाते हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में जनता के साथ यही हुआ। उन्होंने कहा, मेरा मानना है किसी भी नेता और दल की ओर से किए गए वादे को पूरा नहीं करने से बड़ा कोई विश्वासघात नहीं होता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आज अंचल और नगर का कायाकल्प हो रहा है। वहीं सामाजिक सरोकार सम्मेलन में अजाक्स के जिला महासचिव किशोर चौहान के नेतृत्व में पहुंचे कर्मचारियों ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व मंचासीन अतिथियों को महर्षि वाल्मीकि की तस्वीर भेंटकर सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में कृष्णपाल मेहता, राजू भारती, राजकुमार बागड़े, मनोज खरे, प्रेम करोसिया आदि कर्मचारी एवं समाजबंधु उपस्थित रहे। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष आम आदमी पार्टी ग्वालियर अनुसूचित जाति वर्ग के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र गौहर ने अपने अनेक साथियों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने सभी को भाजपा का पटका ओढ़ाकर उन्हें पार्टी का सदस्य बनाया।
केंद्रीय मंत्री ने समारोह में वाल्मीकि समाज के पांच गुरु देवीदास घराने के गुलाबचंद लोधे, गुरु हरचंद घराने के पूरनप्रसाद गोडयाले, गुरु कल्लू घराने के दयानंद भगत, गुरु विंदे घराने के दुर्गा उस्ताद, गदुरु बुदयु घराने के जगदीश खलीफा को सम्मानित किया। इसके साथ नगर निगम में आठ लोगों को अनुकंपा के नियुक्ति पत्र सौंपे। वहीं वाल्मीकि समाज के वक्ताओं ने राजनीतिक अधिकारों के साथ, नगर निगम में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने व समाज की धर्मशाला व छात्रावास के लिए भूमि की मांग की।