
Scrap Policy in MP: ग्वालियर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। प्रदेश में पुराने वाहनों को स्क्रैप करने के लिए स्क्रैप पालिसी लागू हो चुकी है। इंदौर व भोपाल में स्क्रैप सेंटर खुल गए हैं, लेकिन ग्वालियर के लिए अब तक किसी कंपनी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई है। इस वजह से यहां के लोगों को स्क्रैप पालिसी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्क्रैप पालिसी के तहत स्क्रैप सेंटर का सर्टिफिकेट जरूरी है। विभाग भी जल्द से जल्द ग्वालियर में स्क्रैप सेंटर खोलने के लिए प्रयासरत है।
पुराने वाहन को समाप्त करने के बाद गैर परिवहन (निजी वाहन) वाहन पर 25 प्रतिशत व परिवहन वाहन पर 15 प्रतिशत रोड टैक्स में छूट है। पंजीयन शुल्क भी माफ है। प्रदेश में सितंबर 2022 में स्क्रैप पालिसी लागू की जा चुकी है। अक्टूबर 2022 से 15 साल से अधिक पुराने सरकारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है। प्रदेश में दूसरे पुराने वाहनों की संख्या भी अधिक है। सरकार ने पुराने वाहनों को हटाने के लिए योजनाएं लागू की हैं, क्योंकि पुराने वाहनों से प्रदूषण अधिक फैलता है। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहन के प्रति लोगों की रुचि बढ़े, उसके लिए ई-वाहन पर रोड टैक्स चार प्रतिशत ही रखा गया है। प्रदेश में सात लाख 66 हजार 42 परिवहन वाहन (माल वाहक व यात्री) हैं, जिनकी उम्र 15 साल से ऊपर हो चुकी है। ये वाहन एक अप्रैल से बंद हो जाएंगे, लेकिन निजी वाहन को स्क्रैप कराने की बाध्यता नहीं है। निजी वाहन को मालिक अपनी स्वेच्छा से स्क्रैप करा सकता है। रजिस्ट्रेशन को रिन्यूअल कराने के बाद अपने पास रख सकते हैं। वहीं इंदौर के लोगों को स्क्रैप पालिसी का लाभ मिलना शुरू हो गया है, यहां पर एमएसटीसी महिंद्रा ने काम शुरू कर दिया है, जबकि भोपाल में इंपीरियल प्राइवेट कनट्रिक्शन एलटीडी ने सेंटर बनाना शुरू कर दिया है। अप्रैल से भोपाल के लोगों को भी लाभ मिलना शुरू हो जाएगा, लेकिन ग्वालियर के लोगों को अभी इसके लिए इंतजार करना होगा।
परिवहन वाहन के लिए यह योजना भी संचालित
15 साल से अधिक पुराने परिवहन वाहन पर यदि टैक्स बकाया है तो ऐसे वाहन को स्क्रैप कराकर टैक्स में 90 प्रतिशत तक की छूट ले सकते हैं। नया वाहन खरीदने पर रोड टैक्स में 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी। 31 मार्च 2024 तक इस योजना का लाभ ले सकते हैं। छूट के बाद बची राशि को एकमुश्त जमा करना होगा।
प्रदेश में 15 साल से अधिक पुराने वाहनों की संख्या
15 साल से अधिक पुराने निजी वाहनों को स्क्रैप कराने के लिए बाध्यता नहीं है। यह एच्छिक है। इंदौर में सेंटर चालू हो गया है और भोपाल में तैयार हो रहा है। ग्वालियर में भी सेंटर खोलने की कवायद चल रही है। जल्द सेंटर खुल सकता है। - अरविंद सक्सेना अपर आयुक्त परिवहन विभाग
2022 में लागू हो चुकी है स्क्रैप पालिसी
766042 परिवहन वाहन हैं प्रदेश में,जो 15 साल पुराने हैं।