ग्वालियर में पाम ऑयल से बन रहा था नकली मावा, SDM की छापेमारी में बिना लाइसेंस चल रहे 12 कारखाने सील
मौके पर जो लोग मिले वे फूड विभाग की टीम को यह भी नहीं बता पाए कि कौन कारोबार करता है।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 08:09:50 AM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 08:10:16 AM (IST)
HighLights
- घाटीगांव में SDM की बड़ी कार्रवाई
- थाने के पास चल रहा था काला कारोबार
- पाम ऑयल जब्त, खाद्य विभाग ने लिए सैंपल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। त्योहारी सीजन में नकली दूध-मावा का कारोबार भिंड-मुरैना में ही नहीं ग्वालियर के ग्रामीण इलाकों में भी जमकर हो रहा है। बुधवार को घाटीगांव के भंवरपुरा इलाके में 12 ठिकानों पर एसडीएम घाटीगांव जूही गर्ग व टीम ने छापेमारी की, जहां पाम ऑइल से मावा तैयार किया जा रहा था। कई कारखानों के पास लाइसेंस तक नहीं था।
मावा व दूध का मिला बड़ा स्टाक
मावा व दूध का बड़ा स्टाक मिला। खास बात यह कि भंवरपुरा थाने की सीमा में ही सबसे ज्यादा मावा तैयार करने के ठिकाने थे। मौके पर जो लोग मिले वे यह भी नहीं बता पाए कि कौन कारोबार करता है। इनका पूरा माल ग्वालियर सप्लाई होता है।
एसडीएम घाटीगांव जूही गर्ग ने बताया कि औचक छापेमारी की गई और बिना लाइसेंस के पाम ऑइल से मावा तैयार किए जाने की पुष्टि हुई। खाद्य सुरक्षा टीम को भी मौके पर बुलवाकर सैंपलिंग करवाई गई है।
एक के बाद एक दूध व मावा के 12 कारखाने मिले
घाटीगांव एसडीएम जूही गर्ग, तहसीलदार दिव्यदर्शन शर्मा सहित राजस्व टीम ने भंवरपुरा क्षेत्र में छापेमारी सुबह से शुरू की। एक के बाद एक दूध व मावा के 12 कारखाने मिले। तीन ऐसे मिले जहां कहीं 50 किलो मावा तो कहीं 35 किलो मावा तैयार मिला। बड़े पैमाने पर मावा को तैयार किया जा रहा था जहां पाम आइल भी मिला। शेष कारखानों में स्टाफ माल लेकर भाग गया था। वहां कई तरह के उपकरण मिले। भंवरपुरा में स्थित राकेश पुत्र अतर सिंह गुर्जर के कारखाने से मावा के दो एवं दूध का एक सैंपल लिया गया।
कारखाने के पास कोई लाइसेंस नहीं
कारखाने के पास फूड विभाग का कोई लाइसेंस प्राप्त नहीं हुआ। 35 किलो मावा जब्त कर बांड भराया गया। ग्राम में स्थित बीरबल पुत्र प्रीतम गुर्जर के कारखाने पर मावा के दो एवं दूध का एक सैंपल लिया गया इनके पास भी फूड विभाग का मावा बनाने का कोई लाइसेंस प्राप्त नहीं हुआ। गोदाम से पाम तेल के टीन एवं अन्य सामग्री भी प्राप्त हुई। 50 किलो मावा जब्त कर बांड भराया गया है। ग्राम सिकरावली में स्थित बंटी गुर्जर के कारखाने से दूध का एक एवं मावा का एक सैंपल लिया गया।