ग्वालियर के कई इलाकों में शनिवार को 5 घंटे बिजली गुल, देखें प्रभावित क्षेत्रों की लिस्ट
विद्युत वितरण कंपनी के पूर्व, उत्तर और केंद्रीय नगर संभाग द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों के लिए शटडाउन की सूचना जारी की गई है।
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 07:22:32 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 07:23:01 PM (IST)
HighLights
- सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक शटडाउन
- इन प्रमुख व्यावसायिक और रिहायशी इलाकों पर असर
- तीन नगर संभागों में चलेगा मेंटेनेंस कार्य
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। आवश्यक निर्माण एवं रखरखाव कार्य के चलते शनिवार को शहर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विद्युत वितरण कंपनी के पूर्व, उत्तर और केंद्रीय नगर संभाग द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों के लिए शटडाउन की सूचना जारी की गई है। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में सुबह से दोपहर तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक रहेगी बिजली बंद
नगर संभाग पूर्व में 11 केवी थाटीपुर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक बिजली बंद रहेगी। इससे एलएनआइपी, पलमेंशन रेजीडेंसी, ग्लोवल अस्पताल, दूरदर्शन आकाशवाणी, सत्यदेव नगर, आकाशवाणी तिराहा, सीता मैनोर होटल सहित आसपास के क्षेत्र प्रभावित होंगे।
वहीं नगर संभाग उत्तर में आवश्यक मेंटेनेंस कार्य के कारण सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद रखी जाएगी। 11 केवी फीडरों घोसीपुरा, मेंटल हास्पिटल, डीआरपी लाइन से जुड़े क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी। नगर संभाग केंद्रीय में भी आवश्यक संधारण कार्य के कारण चार फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
हरिनिर्मल, नागदेवता मंदिर, डीडवाना ओली तथा राममंदिर फीडर से जुड़े इलाकों में शटडाउन रहेगा। प्रभावित क्षेत्रों में कैथ वाली गली, बावन पायगा, नई सड़क, पाटनकर बाजार, दौलतगंज, पारखजी का बाड़ा, सराफा, कसेरा ओली, डीडवाना ओली, टोपी बाजार, फालका बाजार, राम मंदिर, कैलाश टाकीज सहित आसपास के इलाके शामिल हैं।