शीतला माता मंदिर हादसा: PHQ की तकनीकी टीम ने ग्वालियर पहुंचकर शुरू की ट्रक की जांच, रूट खंगालने के साथ ट्रक की मैकेनिकल जांच की
एमटी शाखा की विशेषज्ञों की टीम ने हादसे से पहले ट्रक जिस रास्ते से होकर गुजरा था, उस पूरे रूट को गहराई से खंगाला।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 03:44:07 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 03:44:35 PM (IST)
HighLights
- पीएचक्यू की एमटी टीम ने खंगाला रूट
- ट्रक की मैकेनिकल जांच शुरू
- चालक पर बढ़ेंगी धाराएं
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक हादसे में अब पुलिस ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। हादसे के कारणों की बारीकी से तकनीकी जांच (टेक्निकल इन्वेस्टिगेशन) करने के लिए पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) की एमटी (मोटर ट्रांसपोर्ट) शाखा की विशेष टीम ग्वालियर पहुंच गई है। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
कड़ी से कड़ी जोड़ी जा रही है पूरे घटनाक्रम की
एमटी शाखा की विशेषज्ञों की टीम ने हादसे से पहले ट्रक जिस रास्ते से होकर गुजरा था, उस पूरे रूट को गहराई से खंगाला। सड़क के ढलान, मोड़ और दुर्घटनास्थल तक के पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा रही है। इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की मैकेनिकल जांच भी की गई, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा ब्रेक फेल होने, किसी तकनीकी खराबी (मैकेनिकल फेलियर) या फिर चालक की लापरवाही के कारण हुआ था।
हादसे के हर पहलू की दोबारा जांच करेगी तकनीकी टीम
पुलिस के अनुसार, तकनीकी टीम हादसे के हर पहलू की दोबारा जांच करेगी। इस दौरान एमटी शाखा की टीम वाहन के स्टीयरिंग, ब्रेक सिस्टम, स्पीड और भार क्षमता (ओवरलोडिंग) जैसे तकनीकी बिंदुओं पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी और आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।
अभी आरोपी चालक पर बढ़ेगी धारा
तकनीक जांच होने के बाद पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी। अभी इस मामले में चालक दिलबाग सिंह पर दर्ज हुई एफआईआर में धारा का इजाफा होगा।