शीतला माता मंदिर समिति उठाएगी घायलों और मृतकों की बेटियों के विवाह का खर्च, आर्थिक मदद का भी ऐलान
समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुर्जर ने गुरुवार को आयोजित बैठक में यह घोषणा की।
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 07:54:40 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 07:55:00 PM (IST)
शीतला माता मंदिर समिति की महंत परिवारों की बैठक में मौजूद सदस्य। नईदुनियाHighLights
- प्रभावित परिवारों को मिलेगा सहयोग
- बेटियों की शादी का खर्च उठाएगी समिति
- मृतक और घायलों को आर्थिक सहायता
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्राम सातऊ स्थित शीतला माता मंदिर समिति ने 18 अक्टूबर की रात हुई दुर्घटना में प्रभावित परिवारों की मदद करने का निर्णय लिया है। समिति मृतकों के स्वजन और गंभीर रूप से घायल लोगों के परिवारों की बेटियों के विवाह का खर्च उठाएगी। समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुर्जर ने गुरुवार को आयोजित बैठक में यह घोषणा की।
दुर्घटना के बाद मंदिर के कर्ताधर्ताओं पर श्रद्धालुओें की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि मंदिर समिति ने दुर्घटना के बाद मृतक के स्वजन व घायलों को आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी।
समिति प्रभावित परिवारों के साथ
शीतला माता मंदिर परिसर में हुई बैठक में दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया गया। समिति सदस्यों ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में समिति उनके साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि जिन परिवारों ने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है, उनकी क्षति की भरपाई संभव नहीं है।
आर्थिक सहायता देने का निर्णय
समिति ने पूर्व में घायलों को 10-10 हजार और मृतक के स्वजन को 50-50 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया था। इसके साथ ही मृतकों एवं गंभीर रूप से घायल लोगों के परिवारों की बेटियों के विवाह का खर्च मंदिर समिति और महंत परिवार मिलकर उठाएंगे, ताकि प्रभावित परिवारों को संबल मिल सके।
बैठक में महंत परिवार के सदस्यों सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने और उन्हें आर्थिक व सामाजिक सहयोग देने का संकल्प लिया।